भिवानी। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी महावीर कौशिक ने कहा कि मतदान करना सांविधानिक अधिकार के साथ हमारा कर्तव्य भी है। इसके लिए अपने परिजनों, पड़ोसियों और रिश्तेदारों को भी जागरूक करें। इसीलिए दो महिला खिलाड़ी मतदाता जागरूकता अभियान से जुड़ीं हैं। इनमें शामिल यूथ आइकन जैस्मिन लंबोरिया और प्रीति पंवार भी मतदान का आह्वान कर रहीं हैं।
उपायुक्त कौशिक ने कहा कि चुनाव के दिन हर काम छोड़कर पहले मतदान करना चाहिए। उन्होंने जिले के मतदाताओं विशेष कर नवयुवकों का आह्वान किया कि इस अवसर को कतई न गंवाएं। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को जागरूक करने के लिए अतिरिक्त उपायुक्त एवं स्वीप के नोडल अधिकारी हर्षित कुमार की देखरेख में जिले में लगातार मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जैस्मिन और प्रीति ने जारी किए वीडियो संदेश
उपायुक्त कौशिक ने कहा कि भिवानी जिले में मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन की कवायद लगातार जारी है। इसी कड़ी में यूथ आइकन के रूप में भिवानी की ओलंपियन मुक्केबाज जैस्मिन लंबोरिया और प्रीति पंवार ने भी वीडियो संदेश के माध्यम से जिलावासियों से पांच अक्तूबर को मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि मत प्रतिशत बढ़ाकर ही भारत की इस खूबसूरत लोकतांत्रिक व्यवस्था को बरकरार रखा जा सकता है। इन दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक प्रणाली दुनियाभर में मिसाल बन चुकी है। भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था का उदाहरण विश्वस्तर पर दिया जाता है। दूसरे देशों के लोग चुनाव प्रणाली को जानने के लिए यहां आते हैं।
नामी खिलाड़ियों के आह्वान पर मिलेगा युवाओं का साथ
अतिरिक्त उपायुक्त एवं स्वीप के नोडल अधिकारी हर्षित कुमार ने बताया कि चुनाव आयोग के निर्देशानुसार जिला प्रशासन कई गतिविधियां आयोजित कर मतदाताओं को जागरूक कर रहा है। इसीलिए इन दोनों खिलाड़ियों ने जिले के मतदाताओं से मतदान की अपील की है। इन दोनों यूथ आइकन का लोगों विशेष कर युवाओं पर खासा प्रभाव है। इससे प्रशासन को उम्मीद है कि जिले के अधिकतम मतदाता मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान करेंगे।
जैस्मिन लंबोरिया।