भिवानी। शहर में दो दिन छोड़कर एक दिन ही पानी की आपूर्ति हो रही है। जलघर के टैंकों में भी मात्र करीब दस दिन की आपूर्ति का ही पानी बचा है। शहर में स्थित वार्ड नंबर-19 की विभिन्न कॉलोनियों में इनदिनों पेयजल की भारी किल्लत बनी हुई है, जिसका मुख्य कारण इन क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति किए जाने के बूस्टर की स्टोरेज क्षमता का कम होना है।
ऐसे में बूस्टर स्टोरेज की क्षमता बढ़ाए जाने की मांग के लिए वीरवार को क्षेत्रवासियों ने वार्ड नंबर-19 में स्थित दुर्गा काॅलोनी बूस्टर के बाहर नारेबाजी की। महिलाओं ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष प्रदर्शन किया।
वार्ड पार्षद शिवकुमार गोठवाल ने बताया कि वार्ड नंबर-19 में दुर्गा कॉलोनी बूस्टर के नाम से बूस्टर स्थित है, जिसकी स्टोरेज क्षमता बहुत कम है। इस बूस्टर से सेवा नगर, एमसी कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, ब्रजवासी कॉलोनी, संजीव कॉलोनी, शिव कॉलोनी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की जा रही है।
इसके कारण सभी लोगों को समुचित मात्रा में पानी नहीं मिल पाता है। यही नहीं बूस्टर में मोटर भी सिंगल है, जिसके कारण पानी पूरे प्रेशर से भी सप्लाई नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि ये बूस्टर वार्ड नंबर-19 व 20 के लोगों को पानी मुहैया करवाता है। लेकिन यहां पर स्थित सिंगल मोटर पर दबाव अधिक होने के कारण वह तीन या चार दिनों में खराब हो जाती है, जिसे ठीक करवाने में चार से पांच दिन लगते है। इस दौरान लोगों को पेयजल की भारी किल्लत झेलनी पड़ती है।
पार्षद ने कहा कि उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों से यहां पर नई मोटर लगवाए जाने की मांग की, जिस मांग के प्रति अधिकारियों का सकारात्मक रूख नहीं दिखा तथा बजट न होने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ गए। उसके बाद सांसद धर्मबीर सिंह से भी क्षेत्र के लोग मिले और बूस्टर स्टोरेज की क्षमता बढ़ाए जाने व अन्य मोटर लगवाए जाने की मांग की थी, लेकिन उन्हें सिर्फ आश्वासन ही मिला था।
पार्षद ने कहा कि स्टोरेज क्षमता व सिंगल मोटर होने की वजह से प्रत्येक घर तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में क्षेत्रवासी मांग करते है कि बूस्टर की स्टोरेज क्षमता व मोटर की संख्या बढ़वाई जाए, ताकि उन्हें पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा पहुंच सकें।