भिवानी। बेटे के ससुराल पक्ष से परेशान महिला ने अपने घर पर ही फंदा लगा लिया। मामले की सूचना मिलने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने महिला के परिजनों के बयान पर दो नामजद पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। मामला मंगलवार शाम करीब पांच बजे का है।
गांव किरावड़ निवासी मुकेश ने बताया कि वेे तीन भाई और दो बहन है। वह सबसे बड़ा है, जबकि विजय और सुरेंद्र उससे छोटे हैं। उसकी मां 50 वर्षीय बंती घरेलू काम करती थी। पिछले कई दिन से उसके भाई विजय की पत्नी मनीषा घर पर झगड़ा करती रहती है। शुक्रवार को उसके भाई विजय और उसके भाई की पत्नी का झगड़ा हो गया था। जिसके कारण परिजनों ने उनकी बीच बचाव कर दिया। फिर उसके भाई की पत्नी ने अपने मायके में मामले की सूचना दी। जिसके बाद उसके भाई के सास ससुर उनके घर आकर झगड़ा करने लगे। झगड़े में मुकेश, उसका पिता रमेश, मां बंती घायल हो गए। मंगलवार शाम करीब पांच बजे उसका पिता रमेश घर पर अंदर बैठा था, मौका पाकर उसकी मां बंती ने बैठक में ही फंदा लगा लिया। मामले की सूचना मिलने पर परिजन उसे उपचार के लिए जिला सामान्य अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना बवानीखेड़ा पुलिस थाना को दी।
जांच अधिकारी एसआई सत्यनारायण ने बताया कि मृतक महिला के बेटे मुकेश के बयान पर उनके रिश्तेदार गांव बलियाली निवासी संजय और उसकी पत्नी सुनीता के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।