भिवानी। जुईकलां पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक गांव में घर के अंदर घुसकर एक महिला के साथ पड़ोस के ही एक युवक ने छेड़छाड़ की। साथ ही मारपीट कर पिस्तौल के बट से हमला कर दिया। महिला पर उसके परिजनों के खिलाफ दी गई शिकायत को भी वापस लेने का दबाव बनाया। मामले की शिकायत महिला ने पुलिस को दी। पुलिस ने इस संबंध में चार नामजद सहित आठ लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
जुईकलां पुलिस थाना में दी शिकायत में 36 वर्षीय महिला ने बताया कि गत 29 जनवरी की शाम आठ बजे वह घर के ऊपरी हिस्से में खाना बना रही थी। इसी दौरान एक लड़का अचानक उनकी छत पर आ गया और उसकी गिरेबान पकड़ ली। आरोपी ने उसकी पत्नी, मां व भाई के खिलाफ शिकायत वापस लेने की बात कही और उसके कपड़े फाड़ डाले। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उसे धमकी दी और उसके साथ जबरदस्ती का भी प्रयास किया। विरोध में चिल्लाने पर पीछे आकर उसका मुंह दबा लिया और फिर पिस्तौल के बट से उसे मारा। इसी दौरान उसका लड़का भी वहां पहुंचा तो उसे भी चोटें पहुंचाई और फिर नकाब पहनकर कुछ अन्य लोग भी वहां पहुंचे। मेरे चिल्लाने की आवाज सुनकर वहां पर अन्य लोग पहुंच गए। इसी दौरान आरोपी वहां से भाग निकले।