संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला का शव घर में कमरे में पंखे के हुक पर लटका मिला। सूचना मिलते ही महिला के परिजन उसके ससुराल पहुंचे। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष के लोगों पर हत्या के आरोप लगाए। जिस पर विवाद हुआ। सूचना मिलते ही जूई थाना पुलिस से एसएचओ दलवीर सिंह अपनी टीम सहित पहुंचकर शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए जिला सामान्य अस्पताल पहुंचे। महिला के भाई के बयान पर उसके ससुराल पक्ष के तीन लोगों पर केस दर्ज किया है। मृतका के परिजनों ने अस्पताल में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की तो विवाद बढ़ा मगर बाद में डीएसपी के आश्वासन पर शव लेकर गए।
मामला रविवार सुबह का है। गांव बास निवासी 25 वर्षीय पूजा की शादी 2014 में गांव केहरपुरा निवासी मुकेश के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही उसका पारिवारिक विवाद हो गया। जिसको लेकर दो बार पंचायत भी हुई। हाल ही में करीब दो माह तक महिला अपने मायके में रह रही थी। करीब 15 दिन पहले उसका पति मुकेश उसको और अपनी दोनों बेटियों को अपने घर ले गया। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह उसके पति मुकेश ने फोन कर मामले की जानकारी दी। परिजनों ने उसके ससुराल गांव केहरपुरा पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाया गया। महिला के मौत को लेकर डीएसपी जयपाल सिंह भी जिला सामान्य अस्पताल पहुंचे।
मारपीट करते और नौकरानी जैसा करते थे बर्ताव
मृतक महिला के भाई गांव बास निवासी आनंद ने बताया कि वो दो भाई और दो बहन है। पूजा की शादी 2014 में गांव केहरपुरा निवासी मुकेश के साथ हुई थी। जिसको चार वर्षीय बेटी दिव्या और डेढ़ वर्षीय बेटी हर्षिता है। उसके ससुराल वाले अक्सर उसके साथ मारपीट करते थे और नौकरानी जैसा बर्ताव करते थे। उसका पति, सास और ससुर दहेज के लिए भी प्रताड़ित करते थे। उसकी सास प्रेम देवी अक्सर उसे बेटा न होने पर ताने देती थी। कई बार समझाया, दो बार पंचायत में भी समझौता हुआ। ससुराल पक्ष से परेशान होकर करीब दो माह तक वह अपने मायके रही। मृतका के पिता ने बताया कि उसने मुकेश को कहा था कि अगर उसे ठीक से नहीं रहना तो तलाक ले ले। 15 दिन पहले मुकेश उसका मायके से घर ले आया और आगे से किसी प्रकार का विवाद न होने का वादा किया। शनिवार रात को पूजा ने अपने मायके फोन पर भी बात की थी। रविवार सुबह छह बजे उसके पति ने परिजनों को मामले की सूचना दी। जिसके बाद परिजनों ने हत्या के आरोप लगाए। परिजनों ने कहा कि उसके पांव जमीन पर थे तो इससे जाहिर होता है कि उसकी हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया है।
दो बेटियों ने खोई मां
मृतक महिला पूजा दो बेटियों 4 वर्षीय दिव्या और डेढ़ साल की बेटी हर्षिता है। पूजा की मौत से दोनों बेटियों से मां का प्यार छीन गया। पारिवारिक विवाद के चलते महिला का शव का फंदे से लटका मिला। जिसके परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या के आरोप लगाए। पारिवारिक विवाद में हुए हादसे के शिकार ये दो बेटियां बन गई। उन्हें उनके विवाद से कोई लेना देना नहीं था मगर अब जो हादसा हुआ उसने उसकी जीवन को दुखों में भर दिया।
आज भाई कर रहा था बहन को लाने की तैयारी, सुबह आया फोन, हो गई मौत
परिजनों ने बताया कि पूजा का भाई कृष्ण ट्रांसपोर्ट में नौकरी करता है। जोकि तीन-चार दिन पहले ही घर आया था। शनिवार रात को पूजा ने परिजनों से फोन पर बात की और कहा कि उसकी अलमारी टूटी हुई है, जिसमें अक्सर चूहे घुस जाते है। परिजनों ने कहा कि रविवार सुबह वो उसके लिए नई अलमारी लेकर आएंगे। इसके बारे में चिंता मत करों। रविवार सुबह फिर मुकेश ने उनको फोन पर उसके मौत की सूचना दी।
मृतक महिला के भाई आनंद के बयान पर उसके पति मुकेश, सास प्रेम देवी और ससुर तुलसीराम के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- दलवीर सिंह, एसएचओ जूई पुलिस थाना
मृतक महिला के परिजनों को समझाते हुए डीएसपी जयपाल सिंह। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : Bhiwani