इंतजार की घड़ियां खत्म हुईं। अब दिल थाम के बैठिये। बस चंद घंटों में ही ‘जादुई पिटारा’ खुलने वाला है। चुनावी मैदान में ताल ठोंकने वाले 26 उम्मीदवारों में से किसके सिर पर ताज सजेगा, इसका फैसला आज होगा।
इसकी सभी तैयारियां गुरुवार तक पूरी कर ली गई। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड कार्यालय में सुबह आठ बजे से भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र में आने वाले जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गणना शुरू होगी। इसके लिए अलग-अलग पांच कमरों में 75 टेबल लगाए गए हैं।
70 टेबलों पर 210 कर्मचारी इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन से मतों की गणना करेंगे। हर विस क्षेत्र में एक-एक टेबल एआरओ के लिए होगा। मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। बिना परिचय पत्र के किसी भी शख्स को अंदर झांकने की भी इजाजत नहीं मिलेगी।
दो जिलों में फैले भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र के पांच विस क्षेत्र भिवानी में हैं, जबकि चार महेंद्रगढ़ जिले में आते हैं। दोनों ही जिलों में अपने-अपने विस क्षेत्र के वोट गिने जाएंगे। गणना पूरा होने के बाद फाइनल परिणाम की घोषणा जिला निर्वाचन अधिकारी व उपायुक्त अशोक कुमार मीणा करेंगे।
भिवानी, दादरी, तोशाम, लोहारू और बाढ़डा की गणना के लिए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड परिसर में सभी तैयारियों को देर शाम अंतिम रूप दे दिया गया। प्रत्येक कक्ष में गणना के लिए 14 टेबल लगाए गए हैं। इन पर एक गणना सुपरवाइजर, एक गणना सहायक व एक गणना आर्ब्जवर की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक टेबल पर प्रत्याशियों के एजेंट भी रहेंगे, लेकिन उन्हें लोहे की जालियों के बाहर खड़े होकर ही निगरानी करनी होगी। गणना कक्ष में एक अतिरिक्त टेबल एआरओ के लिए लगाया गया है।
यहां बैठकर वह पूरी व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे। प्रत्येक चक्र की गणना खत्म होने के बाद परिणाम की घोषणा भी एआरओ के माध्यम से होगी। एआरओ के साथ भी प्रत्याशियों के एक-एक एजेंट बैठ सकते हैं।
सात बजे तक पहुंचेंगे एजेंट
आठ बजे से शुरू होने वाली मतगणना के लिए स्ट्रांग रूम का ताला आधा घंटा पहले यानि साढ़े सात बजे खुलेगा। अलग-अलग कमरों में रखे स्ट्रांग रूम से निकालने के बाद कर्मचारी ईवीएम को मजिस्ट्रेट व सुरक्षा बलों की निगरानी में निर्धारित रूट से संबंधित विस क्षेत्र के गणना स्थल पर पहुंचाएंगे। यह पहले ही तय कर लिया गया है कि किस टेबल पर किस बूथ नंबर का ईवीएम खोला जाएगा। कर्मचारियों को इसी अनुसार ईवीएम लाना है। प्रत्याशियों के एजेंटों को सुबह सात बजे तक उपस्थित होने के निर्देश दिये गये हैं, ताकि स्ट्रांग रूम खुलते समय वह निगरानी रख सकें।
सुबह छह बजे हाजिर होंगे गणना कर्मचारी
जिन कर्मचारियों की ड्यूटी गणना कार्य में लगाई गई है, उन्हें सुबह छह बजे तक हर हाल में उपस्थित होना होगा। हाजिरी लगाने के बाद उन्हें रेंडमाईजेशन के माध्यम से बताया जाएगा कि उनकी ड्यूटी विस क्षेत्र के किस टेबल पर लगाई गई है। संबंधित कर्मचारी को गणना पूरा होने तक उसी टेबल पर मौजूद रहना होगा। बिना एआरओ से अनुमति लिए वह दूसरे टेबल या गणना स्थल पर नहीं जा सकता।
पेन, कापी, पर्स और चाभी भी प्रतिबंधित
गणना स्थल पर प्रवेश से पहले कर्मचारियों, एजेंटों को गहन तलाशी से गुजरना होगा। पंडाल में मोबाइल तो दूर पेन, कापी, पर्स और बाइक की चाभी तक ले जाने की अनुमति नहीं है। कर्मचारी जेब में सिक्का भी नहीं रख सकेंगे। उन्हें सिर्फ कागज के नोट रखने की इजाजत है। गणना से पहले गुरुवार को हुई फाइनल रिहर्सल में अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिये कि कर्मचारी अपने साथ चश्मा ही ला सकता है। पेन, कापी, भोजन-पानी सहित अन्य सभी जरूरी सामान उसे गणना स्थल पर मुहैया कराये जाएंगे।
ऐसे होगी मतगणना
स्ट्रांग रूम से टेबल पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन पहुंचने के बाद कर्मचारी एजेंटों के सामने ईवीएम का सील तोड़ेंगे। कंट्रोल यूनिट का रिजल्ट दबाने के बाद ईवीएम में फीड मतपत्र के अनुसार प्रत्याशियों को मिले मत क्रमवार स्क्रीन पर दिखने लगेंगे। गणना कर्मचारी उसे कागज के प्रपत्र पर दर्ज करेंगे। सभी टेबलों से मिले आंकड़ों को संकलित कर पूरे राउंड का परिणाम निकाला जाएगा। इसी परिणाम को एआरओ जारी करेंगे।
लाउडस्पीकर से बताएंगे हर राउंड के परिणाम
मतगणना का इंतजार कर रहे लोगों की बेकरारी को शांत करने के लिए प्रशासन ने बाहर तक परिणाम बताने की व्यवस्था की है। इसके लिए शिक्षा बोर्ड परिसर के बाहर लगे नाकों तक लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। बैरियर पर खड़े लोग हर चक्र की गणना का परिणाम यहां सुन सकेंगे। इसके अलावा मीडिएशन सेंटर में बोर्ड भी लगाया गया है, जिस पर हर चक्र की गणना का परिणाम लिखा जाएगा।
सुबह साढ़े नौ बजे तक आएगा पहला रुझान
जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों की गणना सुबह आठ बजे शुरू हो जाएगी। इसके करीब डेढ़ घंटे बाद रुझान आने शुरू हो जाएंगे। जैसे ही प्रथम चक्र की गणना पूरी होगी एआरओ के माध्यम से उस चक्र का परिणाम घोषित किया जाएगा। अपराह्न ढाई बजे तक फाइनल परिणाम की घोषणा कर दी जाएगी।
तीन राउंड में गिने जाएंगे डाक मत
अब तक जमा हुए 1419 डाक मतों की गणना भिवानी विस क्षेत्र के गणना स्थल पर होगी। यहां सबसे पहले डाक मत गिने जाएंगे, इसके बाद ईवीएम खुलेगा। डाक मतों की गणना तीन राउंड में होगी। प्रत्येक राउंड में पांच-पांच सौ वोट गिने जाएंगे। गुरुवार तक निर्वाचन कार्यालय को 1419 डाकमत प्राप्त हुए थे। शुक्रवार की सुबह आठ बजे तक प्राप्त होने वाले सभी डाकमतों को गणना में शामिल किया जाएगा।
यहां इतने चरणों में होगी गणना :
विस क्षेत्र बूथ गणना राउंड
भिवानी 181 13
दादरी 185 14
बाढड़ा 199 15
तोशाम 201 15
लोहारु 206 15