नई अनाजमंडी में उठान धीमा होने के चलते सड़क के ऊपर रखे गेहूं से भरे कट्टे। संवाद
- फोटो : Bhiwani
भिवानी। जिला मुख्यालय की मंडी में रविवार को गेहूं की सरकारी खरीद नहीं हुई। रविवार को न तो खरीद का नया शेड्यूल आया और न ही बचे हुए किसान गेहूं की फसल लेकर मंडी पहुंचे। खरीद बंद के बावजूद मंडी में रविवार को करीब 35 हजार गेहूं के कट्टों का उठान हुआ।
भिवानी की नई अनाज मंडी में अब तक रबी फसल खरीद सीजन के दौरान करीब सात लाख कट्टों की सरकारी खरीद हो चुकी है। इसी के साथ अब तक भिवानी मंडी से करीब चार लाख कट्टों का उठान भी हो चुका है। भिवानी मंडी में करीब तीन लाख कट्टे अभी भी उठान के लिए बाकी हैं। सोमवार से मंडी में गेहूं की फिर से खरीद शुरू होगी। मंडी में रोजाना ही करीब ढाई सौ किसानों का शेड्यूल हैं, लेकिन फिलहाल 150 से से 180 किसान ही गेहूं की फसल लेकर पहुंच रहे हैं। खरीद के दौरान बीच में पोर्टल की दिक्कत की वजह से उठान कार्य में काफी दिक्कतें आई थी, मगर अब मंडी में उठान कार्य सुचारु चल रहा है। रोजाना ही शाम सात बजे तक मंडी से खरीद के साथ उठान भी साथ साथ चलता है। भिवानी मंडी के परचेजर संजय कुमार ने बताया कि रविवार को गेहूं की खरीद नहीं हुई। सोमवार से गेहूं की खरीद होगी। रविवार को भी मंडी से गेहूं का उठान हुआ है। फिलहाल उठान सुचारु रूप से चल रहा है।