फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: डाबर कॉलोनी जलघर के टैंक सूखे, पुराना और निनान में भी नाममात्र पानी बचा, भिवानी की नहर में आज दोपहर बाद आएगा पानी

Wed, 09 Apr 2025 11:41 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, भिवानी
विज्ञापन
​भिवानी में सूखा पड़ा जलघर का टैंक। 
विज्ञापन
भिवानी। डाबर कॉलोनी जलघर के टैंक पूरी तरह सूख चुके हैं, जबकि पुराना जलघर और निनान जलघर टैंकों में भी नाममात्र पानी बचा है। ऐसे में अब आधे शहर में एक दिन के बजाय दो दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति हो रही है। जबकि सिंचाई विभाग के शेड्यूल के हिसाब से वीरवार दोपहर बाद तक नहरों में पानी आएगा।
विज्ञापन

नहरों में फिलहाल डिमांड से काफी कम पानी मिलने की संभावना है। ऐसे में अधिकारियों की प्राथमिकता जलघर टैंकों को भरने की रहेगी। बता दें कि गर्मी की दस्तक के साथ ही तेज धूप में गहराए जल संकट ने लोगों का गला सूखा दिया है। जलघर टैंकों के सूखने और बूस्टिंग स्टेशनों के लो प्रेशर से टेल तक इलाके में पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पा रही है। शहर की बाहरी कॉलोनियों में तो लोग पानी के टैंकरों पर ही निर्भर हैं।
भिवानी शहर में रोजाना 70 एमएलडी पानी की आपूर्ति के लिए तीन मुख्य जलघर बनाए हुए हैं। लेकिन मुश्किल से ये तीनों जलघर शहरी आबादी को 55 एमएलडी पानी की आपूर्ति ही किस्तों में कर पा रहे हैं। इसकी वजह भी साफ है कि पुरानी पंपिंग मशीनरी के सहारे न तो जलघर टैंकों तक पर्याप्त पानी पहुंचता है न ही बूस्टिंग स्टेशनों की लाइनों में प्रेशर बन पा रहा है।
विज्ञापन

गर्मी के मौसम में पानी की डिमांड भी बढ़ गई है, जबकि आपूर्ति सिमट गई है। जनस्वास्थ्य विभाग ने शहरी दायरे में एक दिन छोड़ एक दिन राशनिंग लागू की थी, मगर डाबर कॉलोनी जलघर के टैंक सूखने के बाद अब करीब आधे शहर में दो दिन छोड़कर ही आपूर्ति हो रही है। इसकी वजह से शहर के दादरी गेट, ढाणा रोड, दिनोद रोड व लोहारू रोड के अलावा तोशाम बाईपास की कई कॉलोनियां प्रभावित हो रही हैं।
-
वीरवार दोपहर बाद नहरों में पानी आ जाएगा। गर्मी के मौसम में पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए जलाशयों को भरना प्राथमिकता रहेगी। इस दौरान नहरों में सिंचाई के लिए इस पानी का प्रयोग नहीं किया जाएगा। केवल पेयजल जरूरतों के लिए ही ये पानी उपलब्ध रहेगा।
-संदीप, एसडीओ, मोहला हेड, सिंचाई विभाग।
-
शहर में पानी की राशनिंग चल रही है। वीरवार तक नहरों में पानी आने के बाद ही शहर की पेयजल आपूर्ति को सुचारु रख पाना संभव हो पाएगा। फिलहाल गर्मी को देखते हुए पानी का गंभीर संकट बना है। शहरी इलाकों में अभी पानी की राशनिंग जारी रहेगी।
-सुरज प्रकाश जैन, एसडीओ, शहरी पेयजल शाखा भिवानी।

फोटो: 13
दादरी गेट क्षेत्र में पिछले एक महीने में कभी दो दिन तो कभी तीन दिन छोड़कर एक बार पानी की आपूर्ति हो पा रही है। नल में पानी थोड़ी देर के लिए ही आता है। अब तो हालत यह है कि बिना नहाए ही बच्चे स्कूल जाते हैं और अति आवश्यक कार्यों के लिए ही पानी का काम चल पाता है। यहां पानी का टैंकर भी नहीं आता है।
-कृष्णा, दादरी गेट क्षेत्र की महिला।
-
फोटो: 12
दादरी गेट बूस्टर की मोटर पिछले कई महीनों से खराब पड़ी थी। अब इस मोटर को ठीक करा दिया है, लेकिन बूस्टर के अंदर सप्लाई के लिए पानी नहीं है। क्षेत्र के लोग एक माह से गंभीर जलसंकट से घिरे हैं, उनकी समस्या का अधिकारी भी समाधान नहीं कर रहे हैं। क्षेत्र की महिलाएं नेशनल हाईवे पर जाम भी लगा चुकी है, इसके बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं है।
-सतीश नेहरा, दादरी गेट क्षेत्रवासी।
-
फोटो: 14
गर्मी में पीने के पानी को भी तरस रहे हैं, रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी दूर दराज के हैंडपंप से पानी लाते हैं। विभाग के अधिकारी यहां पानी का टैंकर तक नहीं भिजवाते हैं। नलों में तीन से चार दिन में पानी आता है। सप्लाई में मुश्किल से आधा घंटा ही पानी आता है। इसमें टंकी भरना तो दूर घरों के बर्तनों में भी पानी नहीं भर पाते हैं। गर्मी में अतिरिक्त सप्लाई देने के बजाय पानी की कटौती की जा रही है।
-अंगूरी, दादरी गेट क्षेत्र की महिला।
-
फोटो: 15
पानी के लिए लोग तरस रहे हैं। हमने जाम भी लगाया और अधिकारियों के सामने शिकायत भी दी। लेकिन नलों में नहीं आंखों में पानी जरूर आ गया है। गर्मी में हर बार यही हालत होती है। पानी के लिए भी सड़क पर उतरना पड़ता है। दादरी गेट क्षेत्र के लिए बूस्टर बनाया हुआ है, मगर इसमें चुनिंदा घरों तक ही पानी पहुंच पाता है। हमारी मांग है कि पीने का पानी तो लोगों को मिले।
विज्ञापन

-रेश्मा, दादरी गेट क्षेत्रवासी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें