गांव मिताथल में सब हेल्थ सेंटर निर्माण के लिए भूमि पूजन करते विधायक कपूर सिंह व ग्रामीण
भिवानी। गांव मित्ताथल के बागसर जोहड़ के पास बुधवार को विधायक कपूर सिंह ने सब हेल्थ सेंटर के भवन का भूमि पूजन कर नींव रखी। इस दौरान सरपंच नरेश सिवाच उर्फ नैसी और ग्रामवासियों का भी विशेष सहयोग रहा।
विधायक ने कहा कि सब हेल्थ सेंटर ग्रामीण जनता के लिए एक वरदान साबित होगा। इससे लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं अब गांव में मिल सकेंगी और उन्हें शहर के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यहां पर प्राथमिक चिकित्सा कक्ष, दवा वितरण केंद्र, महिला स्वास्थ्य परामर्श कक्ष और बच्चों के टीकाकरण की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से ना सिर्फ स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार होगा, बल्कि रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे। विधायक ने यह भी आश्वासन दिया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
सरपंच नरेश सिवाच (नैसी) ने विधायक का आभार जताते हुए कहा कि वे सालों से एक स्थायी स्वास्थ्य केंद्र की मांग कर रहे थे। अब जाकर सरकार ने हमारी सुनवाई की है। इस मौके पर सरपंच गुजरानी, सरपंच घुसकानी, सरपंच प्रेमनगर और जिला पार्षद राहुल मुंढाल सहित कैप्टन भीम सिंह प्रधान जाटू 84 खाप, जय नारायण शर्मा पूर्व सरपंच, सुखबीर मास्टर, नीर मास्टर, सुभाष, रामनिवास फौजी मौजूद रहे।