पानी के टैंकरों को प्रतिनिधियों को सौंपने के बाद हरी झंडी दिखाते पूर्व मंत्री जेपी दलाल।
बहल। हरियावास गांव में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में वार्ड नंंबर 18 के जिला परिषद सदस्य रविंद्र मंढोली ने 10 गांवों की पंचायतों को पानी टैंकर दिलाए। इनमें सलेमपुर, शहरयारपुर, बैराण, सिधनवा, हरियावास, गोपालवास, मंढोली कलां, कासनी कलां, कासनी खुर्द, सुरपुरा खुर्द आदि पंचायत शामिल हैं। जिला पार्षद रविंद्र ने बताया कि उनके वार्ड नंंबर 18 में कुल 18 पंचायतों में से 16 पंचायतों को पानी के टैंकर दिए गए हैं ताकि लोगों को पेयजल के लिए परेशान न होना पड़े।
इस दौरान पूर्व कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि देश के मजबूत नेतृत्व में भारतीय सेना ने आतंकवाद को पनाह देने वाले दुश्मन देश को करारा जवाब दिया है। देश की सेना के बहादुर जवानों ने यह सिद्ध कर दिखाया है कि जो भी भारत की तरफ आंख उठाकर देखेगा तो सेना घर में घुसकर मारेगी।
वह रविवार को जिला पार्षद रविंद्र मंढोली की ओर से हरियावास गांव में आयोजित पानी टैंक वितरण समारोह में वह बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में वार्ड नंबर 18 की 10 ग्राम पंचायतों को जिला परिषद कोटे से मिले पानी के टैंकर बांटे गए।
इस दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि मातृत्व दिवस पर वे माताएं भी बधाई की पात्र हैं जिन्होंने अपने जिगर के टुकड़े को देश सेवा के लिए सीमा पर भेजा है।
मुख्य अतिथि जेपी दलाल ने कहा कि भाजपा की जनहितैषी सरकार की सोच में अंत्योदय की भावना समाहित है। केंद्र, प्रदेश सरकार गरीब, किसान, कमजोर वर्ग के उत्थान और विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को मजबूत नेतृत्व दिया है।
पूर्व मंत्री ने कहा कि लोहारू हलके में विकास की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। क्षेत्र में गर्मी के मौसम को देखते हुए जिला परिषद के कोटे से 10 टैंकर बांटे गए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से कहा कि लोगों तक पानी पहुंचानाएं। इस दाैरान भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रवि महमियां, लोहारू मंडल प्रधान रोहताश चौहान, पूर्व सरपंच गजानंद अग्रवाल, मेंटेनेंस ट्रिब्यूनल के सदस्य सुनील शर्मा बहल आदि मौजूद रहे।