पिछली मीटिंग का बाद पानी का कनेक्शन तो होया मगर बूंद पानी कोनी आया, के फायदा। अधिकारी भ्रष्ट है। भाजपा महिला मोर्चा सदस्य निर्मला देवी ने कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिक्षा मंत्री रामबिलास के समक्ष यह शिकायत रखी। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से बातचीत के बाद मंत्री ने कहा कि सप्ताह भर डट जा। चाहे सिर पर टोकनी धर कै लानी पड़ै तेरे मोहल्ले में पानी पहुंचावांगे। कष्ट निवारण समिति की बैठक में शिकायतों की झड़ी लगी तो अधिकारियों को कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए। बैठक में 14 तय परिवारों के अलावा करीब 13 अन्य परिवारों की सुनवाई हुई।
बृहस्पतिवार को पंचायत भवन में शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा की अध्यक्षता में कष्ट निवारण समिति की बैठक हुई। बैठक में पहला मामले का निपटान हो चुका था तो दूसरा मामला बागकोठी वासी महिला गायत्री देवी का रहा। इनके घर 29 नवंबर 2014 में चोरी हो गई थी। करीब 45 से 50 लाख का सामान चोरी हो गया था और करीब 80 बार पुलिस अधीक्षक, एसएचओ से मिल चुकी है। कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी कई बार मामला रख चुकी है। महिला ने रोते हुए मंत्री से गुहार लगाई कि उसका सब कुछ चोरी हो गया।
डीएसपी चंद्रपाल बिश्नोई ने बताया कि मामले की सीआईए, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ, गृह भेद शाखा से जांच करवाई। कुछ को पकड़ा भी गया मगर आरोपियों का सुराग नहीं लगा। शिक्षा मंत्री ने पुलिस अधीक्षक से मामले की जांच करवाने के निर्देश दिए। बैठक में इस परिवार के अलावा एजेंडे में शामिल 14 परिवार व करीब 13 अन्य परिवादों की सुनवाई हुई। राजीव कॉलोनी के लोगों ने वोट नहीं बनने की शिकायत की तो विभिन्न कॉलोनियों, गांवों के लोगों ने शिकायत की। बैठक में पूर्व मंत्री व विधायक घनश्याम सर्राफ, उपायुक्त डॉ. अंशज सिंह, पुलिस अधीक्षक, जिला परिषद चेयरमैन रमेश ओला, भाजपा जिलाध्यक्ष नंदराम धानिया आदि मौजूद रहे।
वी डोंट वांट एक्सप्लेनेशन, वी वांट सोल्यूशन
ग्राम पंचायत सिंघानी के सरपंच सुरेंद्र राठी ने बैठक में बताया कि उन्होंने बिजलीघर के लिए नि:शुल्क जमीन दी। मगर हमें कोई फायदा नहीं मिल रहा। सात गांवों की एक ही लाइन है। किसी में भी फाल्ट आया तो सातों गांवों की बत्ती गुल हो जाती है। बिजली निगम के नए एससी से जब इस पर जवाब देने लगे तो शिक्षा मंत्री ने कहा कि वी डोंट वांट एक्सप्लेनेशन, वी वांट सोल्यूशन। एडीसी और आप गांव जाएंगे और समाधान करें। ग्रामीणों को कहा कि वे अधिकारियों के ठहरने और खाने-पीने की अच्छे से व्यवस्था करें।
शराब ठेकेदार पर हो सख्त कार्रवाई
अखिल भारतीय जनवारी महिला समिति से संतोष, बिमला, व अन्य महिलाओं ने कहा कि दांग कलां, दांग खुर्द में अवैध रूप से शराब बिक रही है। यहां से ठेका हटवाया जाए। समिति सदस्य बताने लगे कि किस तरह ग्रामीण घर से रुपये ले जाकर शराब खरीद रहे हैं। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि यहां समस्या का समाधान जरूरी है या भाषण। उन्होंने मौके पर ही एक्साइज विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कि अगले बैठक तक इसे हटवा दो। उन्होंने कहा कि एक-दो ठेकों को बंद करना पड़े तो कर दो।
ईंटों के करवाए जाए सेंपल
संडवा गांव के अजय कुमार की शिकायत जोहड़ के पास भूमि कटाव से उनके मकान में दरार आ गई है। घर ढहने की संभावना है। पर पंचायत विभाग के अधिकारी ने बताया कि वहां नाले का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इसके बाद शिकायत कर्ता ने बताया कि घटिया निर्माण सामग्री लगाई जा रही है। ईंटें बेकार हैं। इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि ईंटों के सैंपल करवाए जाए। घटिया सामग्री लगाने वाले एकआध ठेकेदार को ठोका।
डी-प्लान से करवायें विकास
सीएम विंडो पर की शिकायत में बहल वासी बस्तीराम ने विकास कार्य नहीं होने की बात कही। वह बैठक में नहीं पहुंचे मगर परिवार पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि बहल बड़ा क्षेत्र है और हमारी प्रतिष्ठा का सवाल है। वहां विकास कार्य करवाये जाए। डी प्लान से बहल को चकाचक करवाओ।
नई सड़क में गड्ढे ही गड्ढे
पुराना बस स्टैंड से कचहरी मार्ग नया बना मगर महीनेभर में ही बिखर गया। तीन महीने पहले आपने ठेकेदार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अब तक कुछ नहीं हुआ। मार्ग निर्माण में क्रेशर के नाम पर लाल रेत लगाया गया है। थर्ड क्लास निर्माण सामग्री का प्रयोग किया। इस पर नगर परिषद के एमई सुंदर सिंह ने बताया कि निर्देशानुसार ठेकेदार को नोटिस दिया गया है। सीवर के कारण सड़क धंसी है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि ये सही है कि पानी के स्तर का पता नहीं होता मगर ठेकेदार की गलती को भी नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने श्रीराम इंस्टीट्यूट से सड़क निर्माण सामग्री की जांच करवाने के निर्देश दिए। साथ दुकानदारों अशोक बंसल प्रधान को कहा कि जब भी सैंपल लेने आए, वहां मौजूद रहे।
बैंक कॉलोनी से ठेका नहीं हटा
बैठक में पहुंचने के बाद मंत्री ने बैंक कॉलोनी से ठेका हटने पर पूर्व मंत्री व विधायक घनश्याम सर्राफ को बधाई दी। विधायक ने केस भी खारिज करवाने की मांग रखी। तभी वहां बैंक कॉलोनी की महिलाएं पहुंची। शिक्षा मंत्री ने उनसे कहा कि ठेका हट गया ना। तब महिलाओं ने कहा कि नहीं अभी तो ठेका खुला हुआ है। यह सुनकर मंत्री जी भी हैरान रह गए। वहीं एक्साइज विभाग के अधिकारी को बुलाया और उसके वरिष्ठ अधिकारी से बात कराने की बात कही। इस दौरान बैंक कॉलोनी की महिलाओं ने कहा कि वे मंत्री के साथ ही रहेगी जब तक ठेका नहीं हटता।