पानी में डूबे चैंबर की मोटरें लगातार चौथे दिन नहीं चलने से दर्जनभर कॉलोनियों में पेयजल संकट गहरा गया है। वाटर वकर्स दो से पहले जहां 21 एमएलडी पानी सप्लाई होता था वहां अब 10 एमएलडी पानी की ही सप्लाई हो रही है।
चार दिन से बने पेयजल संकट के कारण कॉलोनियों के लोगों को परेशानी हो रही है। मंगलवार को लोगों ने सड़क जाम कर भी पानी मांगा। इसके बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने टैंकरों से कॉलोनियों में पानी की सप्लाई करवाई।
जानकारी के अनुसार वाटर वकर्स नंबर दो डाबर कॉलोनी में पिछले शुक्रवार की रात कर्मचारी मोटरें चलाकर गहरी नींद में सो गया और पूरा चैंबर पानी में डूब गया। इससे सारी मोटरें बंद हो गई है। मंगलवार को लगातार चौथे दिन मोटरें नहीं चली। जिससे पेयजल सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है और करीब दर्जनभर कॉलोनियों के लोग पानी के लिए तरस रहे है।
इन कॉलोनियों में गहरा पेयजल संकट
शहर की आजाद नगर कॉलोनी, दुर्गा कॉलोनी, हालुवास गेट, लाइन पार पीपलीवाली जोहड़ क्षेत्र, टिब्बा बस्ती, लोहड क्षेत्र समेत दर्जनभर से अधिक कॉलोनियों में पिछले चार दिन से पेयजल संकट गहराया हुआ है।
पानी के लिए मुख्य मार्ग किया जाम
पेयजल संकट से परेशान आजाद नगर के लोगों का सब्र मंगलवार सुबह जवाब दे गया। सुबह करीब 10 बजे आजाद नगर के लोगों ने हनुमान गेट के पास मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारे लगाए। जाम की सूचना पर दिनोद गेट चौकी इंचार्ज चांदीराम मौके पर पहुंचे और कॉलोनी वासियों की समस्या के निपटारे के लिए मौके पर ही जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को बुलाया गया।
एसडीओ ने दो घंटे में पानी देने का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। कॉलोनी वासियों ने चेतावनी दी कि हम तीन घंटे पानी का इंतजार करेंगे। अगर तीन घंटे बाद भी पानी नहीं आया तो फिर से जाम लगा दिया जाएगा। बाद में कॉलोनी में टैंकरों से सप्लाई की गई है। जाम मुख्य मार्ग पर होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। छोटे वाहन चालकों को गलियों से घूमकर जाते देखा गया। कॉलोनी वासी बिजेंद्र, राजेश, दीपक आदि ने बताया कि पिछले चार दिन से नल में पानी की एक बूंद भी नहीं आई है। ऐसे में बिना पानी कैसे काम चले।
टैंकरों से हुई पेयजल सप्लाई
चैंबर की मोटरें नहीं चलने के कारण बनी समस्या के बाद जनस्वास्थ्य विभाग ने अनेक कॉलोनियों में टैंकरों से पेयजल सप्लाई की। लिबर्टी सिनेमा क्षेत्र की कॉलोनियों में चार, पीपली वाली जोहड़ क्षेत्र की कॉलोनियों में तीन, हालुवास गेट क्षेत्र में भी टैंकरों से पानी की सप्लाई की गई है।
वर्जन:::
चैंबर की मोटरें नहीं चलने के कारण पानी की पूरी सप्लाई नहीं हो पा रही। 21 की जगह 10 एमएलडी पानी ही वाटर वक्र्स नंबर दो से सप्लाई हो रहा है। प्रेशर से पानी नहीं सप्लाई नहीं होने के कारण टेल की कॉलोनियों में पानी नहीं पहुंच रहा है। अब 150 व 200 हॉर्स पॉवर की मोटरों की व्यवस्था की गई है। संभवत: बुधवार से पहले की तरह नियमित सप्लाई की जाएगी। खराब हुई मोटरों का इस्टीमेट बनाया जा रहा है।
संजीव त्यागी, एक्सईएन जनस्वास्थ्य विभाग
फोटो 03 व 04