क्षेत्र के कई गांवों में बरसाती पानी निकासी न होने से हालात खराब होने लगे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से बरसाती पानी निकासी को लेकर पंप सेट लगवाए जाने की मांग की है। पिछले सप्ताह हुई बारिश की वजह से गांव बिरही कलां, मैहड़ा में बरसाती पानी से जलस्तर काफी ऊपर आ जाने से चव्वे की समस्या बढ़ने लगी है। इन गांवों में किसान धान की बिजाई करते हैं। किसानों ने गत जून माह में ही धान की रोपाई शुरू कर दी थी। किसान पिछले दिनों से नहरी पानी की चोरी कर धान की फसल की सिंचाई करते आ रहे हैं अब बारिश होने पर जलस्तर काफी ऊपर आ गया है।
जलस्तर बढ़ने से खेतों के रास्ते बाधित होने पर लोगों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है। गांव बिरही कलां में ग्रामीणों को अधिक परेशानी हो रही है। बिरही कलां बस स्टैंड क्षेत्र में पानी का जमाव होने से लोगों को अधिक दिक्कतें आ रही हैं। गांव बिरही कलां में बरसात के दिनों में हर साल जलभराव की समस्या पैदा होती है।
गांवे मैहड़ा निवासी सोमबीर सिंह व किसान कुलदीप सिंह ने बताया कि गांव मैहड़ा व बिरहीं कलां के ग्रामीणों ने नहरी पानी की बर्बादी रोकने के लिए पिछले दिनो प्रशासन से शिकायत की थी। ग्रामीणों का शिकायत में कहना था कि कुछ लोग नहरी पानी की चोरी कर धान की सिंचाई करते हैं जिससे बरसात होने पर गांव की सीमा में भी जलभराव हो जाता है। इससे बीमारियां बढ़ने का खतरा भी बढ़ने लगता है। इन ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करवाए जाने की मांग की है।