बीटीएम मिल क्षेत्र के कंटेनमेंट जोन में शामिल आधा दर्जन कॉलोनियों के लोगों ने पानी के लिए हंगामा किया और अधिकारियों को खरी-खरी सुनाई तो दो दिन में ही सालों से बनी समस्या का समाधान हो गया। जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार और मंगलवार को लगातार दो दिन क्षेत्र में मॉनिटरिंग की। लोगों से फिडबैक लिया और यहां के सभी सीवरेज मैनहोल को खाली कराया। इसके बाद अब गंदे पानी की सप्लाई की समस्या का समाधान हो गया है। पानी की सप्लाई का समय भी एक घंटे से बढ़ाकर डेढ़ घंटा किया गया है।
उल्लेखनीय है कि शनिवार को कंटेनमेंट जोन बीटीएम क्षेत्र की आधा दर्जन कॉलोनियों रामनगर, चिरंजीव कॉलोनी, लेबर कॉलोनी आदि के लोगों ने पेयजल समस्या को लेकर रोष जताया था। जिस पर डीआरओ प्रमोद चहल और जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन बलविंद्र नैन मौके पर पहुंचे थे। महिलाओं ने उन्हें भी खरी-खरी सुनाई। टैंकर भेजने के आश्वासन पर भी लोग नहीं माने और सप्लाई में ही पानी देने की मांग की। जल्द समाधान के आश्वासन पर लोग माने नहीं तो जाम लगाने की चेतावनी दी थी।
इसी मामले में जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और उनकी पूरी टीम दो दिन से यहां गंदे पानी की सप्लाई होने के कारणों की तलाश में जुटे थे। पानी कम पहुंचने और गंदा पहुंचने की पूरी मॉनिटरिंग की गई। काफी प्रयास के बाद सीवर मैनहॉल खाली करवाए गए। वहीं इस इलाके में लगने वाले तीन बूस्टिंग स्टेशनों से भी पेयजल आपूर्ति की नियमित रूप से मॉनिटरिंग कराई गई। पब्लिक हेल्थ अधिकारियों ने बताया कि चिरंजीव कॉलोनी, रामनगर, लेबर कॉलोनी व जीबीटीएल क्षेत्र में बूस्टिंग स्टेशनों से पहले करीब एक घंटे तक पेयजल आपूर्ति दी जा रही थी। अब करीब डेढ़ घंटे तक पानी की आपूर्ति दी जा रही है। पानी को लेकर कंटेनमेंट जोन में जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भी रविवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ दौरा किया था। इस दौरान खाद्य वस्तुओं के साथ-साथ लोगों से पेयजल आपूर्ति के संबंध में भी फिडबैक लिया गया था।
पेयजल के साथ सीवरेज शाखा के अधिकारियों ने किया इलाके का मुआयना
पब्लिक हेल्थ विभाग शहरी पेयजल शाखा के कार्यकारी अभियंता बलविंदर नैन के निर्देश पर एसडीओ जयभगवान चौपटा सहित शहरी पेयजल शाखा के सभी कनिष्ठ अभियंताओं की ड्यूटी लगाई गई थी। इन सभी अधिकारियों ने कंटेनमेंट जोन के अंतर्गत आने वाले पूरे इलाके में पेयजल लाइनों की जांच कराई और संबंधित शिकायतों पर भी संज्ञान लिया। सीवरेज शाखा के जेई राजेंद्र व विजयपाल ने संभावित इलाकों के सीवरेज मैनहोल को तुरंत खाली कराया।
कंटेनमेंट जोन में अब पेयजल संबंधी कोई दिक्कत नहीं हैं। पब्लिक हेल्थ विभाग ने पूरे इलाके की पेयजल लाइनों की मॉनिटरिंग कराई है और लोगों से भी आपूर्ति के संबंध में फीडबैक लिया है। सभी बूस्टिंग स्टेशनों से नियमित पेयजल आपूर्ति हो रहे हैं।
- जयभगवान चौपड़ा, एसडीओ शहरी पेयजल शाखा भिवानी।