भिवानी। शहर के दिनोद रोड ब्रह्मा कॉलोनी में पड़ोसी मकान की नींव खोदने से दूसरे मकान की दीवार ढह गई। इसके मलबे के नीचे सास-बहू दब गई। आसपास के लोगों ने उन्हें मलबे से बाहर निकाला और दोनों को जिला नागरिक अस्पताल में दाखिल कराया। सांस के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि बहू की कमर और चेहरे पर चोट लगी है।
जिला नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आई दिनोद रोड ब्रह्मा कॉलोनी निवासी काजल (20) ने बताया कि मंगलवार सुबह सवा आठ बजे उनके मकान की दीवार अचानक ही गिर गई। इसके बाद टीन शेड भी ढह गया। इसके नीचे घर का सारा सामान भी दब गया। वहीं दीवार के मलबे में उसकी सास दब गई और उस पर भी काफी मलबा गिरा। इस हादसे में उसकी सास पाना (60) को सिर में गंभीर चोटें आई, जिसे तुरंत जिला सामान्य अस्पताल के आपात विभाग में लाया गया। काजल ने बताया कि वे यहां 500 रुपये महीना किराये के मकान में रहते हैं। पिछले एक सप्ताह से पड़ोसी मकान की नींव खोदी हुई है। इसकी वजह से उनके मकान की दीवार अचानक ही ढह गई।
काजल ने बताया कि हादसे के वक्त दोनों सास बहू ही वहां मौजूद थी, जबकि उसका पति घंटाघर स्थित एक कपड़े की दुकान पर काम करने गया हुआ था। बाद में फोन कर पड़ोस के लोगों ने महिला के पति को हादसे की जानकारी दी तो वे अस्पताल पहुंचे। फिलहाल चिकित्सकों ने बुजुर्ग महिला को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया वहीं काजल की हालत ठीक बताई जा रही है। संवाद