भिवानी। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव का बिगुल बज गया है। इसी के साथ जिला बार चुनावों को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। 28 फरवरी को जिला बार एसोसिएशन के चुनाव होने निर्धारित किए गए है। इसके लिए विभिन्न तिथियों पर अलग-अलग चरणों को पूरा किया जाएगा। चुनाव की घोषणा होते ही जिला बार एसोसिएशन के जिला प्रधान सत्यजीत पिलानिया ने अधिवक्ताओं के साथ चुनाव को लेकर चर्चा की।
जिला बार एसोसिएशन भिवानी के प्रधान सत्यजीत पिलानिया ने बताया कि 28 फरवरी को जिला बार एसोसिएशन भिवानी के चुनाव होंगे। जिसके लिए सभी अधिवक्ताओं को 10 जनवरी तक अपनी एफिडेविट अंडर टेकिंग देने होंगे। इसके अलावा 10 जनवरी तक ही उसकी फीस भी जिला बार एसोसिएशन में ही जमा करवानी होगी। इसके उपरांत जिला बार एसोसिएशन की तरफ से जो भी अधिवक्ता मतदान का प्रयोग करेंगे, उनकी सूची 17 जनवरी तक बार कौंसिल पंजाब एवं हरियाणा को सौंप दी जाएगी।
24 जनवरी तक चुनाव रिटर्निंग अधिकारी की नियुक्ति कर 27 जनवरी तक वोटर लिस्ट नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर दी जाएगी। पिलानिया ने बताया कि वोट लिस्ट पर यदि किसी को भी कोई आपत्ति है तो एक फरवरी शाम चार बजे तक बार कौंसिल पंजाब एवं हरियाणा में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है, जिसकी सुनवाई सात फरवरी को होगी। इसके बाद 28 फरवरी को जिला बार एसोसिएशन के चुनाव होंगे, जिनके परिणाम भी चुनाव संपन्न होते ही घोषित कर दिए जाएंगे।
जिला बार एसोसिएशन के प्रधान सत्यजीत पिलानिया ने सभी अधिवक्ताओं से अपील कि वे 10 जनवरी से पहले अपने एफीडेविट जमा करवाएं, ताकि चुनाव में मतदान का प्रयोग कर सकें। इस अवसर पर हरेंद्र भालोठिया, पूर्व सचिव संजय तंवर, पूर्व सचिव पवन परमार, पूर्व सचिव कृष्ण मलिक, रामेश्वर चांगिया, अनिल साहु, विकास बुडानिया, रामोतार संभ्रवाल, संजय तंवर गुजरानी, अमित ढुल, अनिल गिल, पीयूष वर्मा, सुरजीत सैनी मौजूद रहे।