उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन करते अखिल भारतीय किसान सभा के सदस्य। संगठन
भिवानी। गांव धनाना, बडेसरा, घुसकानी व बलियाली , रामपुरा के किसानों ने खेतों से बरसाती पानी की निकासी और बर्बाद फसलों का मुआवजे के लिए वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से किया गया।
किसान सभा के जिला उपप्रधान ओमप्रकाश, जिला कमेटी सदस्य करतार ग्रेवाल व मास्टर शेर सिंह ने कहा कि हाल की भारी बारिश से बवानीखेड़ा व भिवानी तहसील के गांव धनाना, तालु, मुंढाल, जताई, बडेसरा, मिताथल, घुसकानी, तिगड़ाना, प्रेमनगर, बलियाली, रामूपुरा व कुछ अन्य गांव के खेतों में 3 से 4 फीट पानी भरा हुआ है। इससे धान व अन्य फसलें शत प्रतिशत नष्ट हो गई है। जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग खेतों में भरे पानी की निकासी सुनिश्चित करें, विशेष गिरदावरी व मुआवजे हेतु शीघ्र फसल क्षति पूर्ति पोर्टल को खोला जाए व पीड़ित व प्रमाणित किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाए।
इस अवसर पर धनाना से यूनिट प्रधान सूबेदार धर्मबीर, सचिव सत्यवान, सलाहकार कृष्ण धनाना, घुसकानी से यूनिट प्रधान रामभक्त, किसान नेता सतबीर, राजकुमार दलाल, बड़ेसरा से राजेश, महेन्द्र सिंह, बलियाली से ब्लाक प्रधान रामोतार बलियाली, कमेटी सदस्य अनूप शर्मा मौजूद रहे।