सेहर गांव में दो गोत्र के लोगाें के बीच एक शादी को लेकर करीब बीस दिन से चल रहे विवाद को रविवार को ग्रामीणों की पंचायत में सुलझा लिया गया। ज्ञात रहे की गत 27 अप्रैल के गांव के निवासी मान गोत्र के एक युवक की शादी गांव कूगड़ भैणी निवासी नेहरा गोत्र की लड़की के साथ संपन्न हुई थी। जिसे लेकर गांव में आपसी तनाव बना हुआ था तथा नेहरा गोत्र की लड़की से शादी करने वाले मान गोत्र के मोहित ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दी हुई थी। सेहर गांव में नेहरा गोत्र के अधिक परिवार होने के चलते इस मामले को लेकर विवाद बना हुआ था जिसे रविवार को पंचायत के माध्यम से निपटा लिया गया।
गांव के निवासी चंद्रप्रकाश मान ने बताया कि गांव में इस मसले को लेकर कोई खटास ना रहे इसके लिए आज गांव केमौजिज लोगों की पंचायत पंचायत भवन में बुलाई गई। ग्रामीणों द्वारा मामले को शांत कराकर दिनभर मान-मनौव्वल के उपरांत दोपहर बाद दोनों पक्षों की ओर से गांव के ही मौजिज 5-5 लोगों की कमेटी बनाई गई। बताया जाता है कि कमेटी के सदस्यों द्वारा इस मामलेको लेकर गांव में किसी भी ओर से मन में कोई खटास नहीं रखने की दोनों पक्षों को नसीहत दी गई।
इसी दौरान थाना प्रभारी अजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम ग्रामीणों के बीच मौजूद रही तथा भाईचारे में आपसी विवाद निपटाया गया है। लोहारू के थाना प्रभारी अजीतसिंह ने बताया कि गांव सेहर में ग्रोत्र विवाद के मामले को दोनों पक्षों की सहमति से निपटा लिया गया तथा इस विषय पर गांव में अब कोई विवाद नहीं है।