गांव रावलधी के समय रोडवेज परिचालक को ट्रक द्वारा कुचल दिए जाने से दर्दनाक मौत हो गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है। घटना से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए तथा दोषी को पकड़ने की मांग करने लगे। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है। शव को सामान्य अस्पताल भिजवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव रावलधी निवासी 40 वर्षीय राजकुमार उर्फ राजा हरियाणा रोडवेज में परिचालक के पद पर कार्यरत था। शनिवार शाम वह अपनी साइकिल पर सवार होकर गांव रावलधी से चरखी दादरी शहर आ रहा था। इसी बीच जब वह गांव रावलधी बाईपास के समीप पहुंचा तो ट्रक ने उसे कुचल दिया। परिचालक राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
कुछ देर में ही मौके पर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए। सड़क मार्ग पर जाम लग गया। सूचना मिलने पर सदर पुलिस थाना प्रभारी नरेश कुमार व शहर पुलिस थाना प्रभारी सुखबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद लोग दोषी को पकड़ने की मांग कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया तथा शव को अपने कब्जे में लेकर सामान्य अस्पताल भिजवाया। पुलिस द्वारा समझाए जाने पर मामला शांत हो गया। पुलिस ने आरोपी अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मृतक हरियाणा रोडवेज विभाग में फरीदाबाद में परिचालक के पद पर कार्यरत था। मृतक अपने पीछे दो बच्चे व पत्नी छोड़ गया।
मौत के बाद बिलख पड़े न्यायाधीश भतीजा
घटना के कुछ समय बाद ही मृतक का भतीजा जज पुनीत भी मौके पर पहुंच गए। वह झज्जर से अपनी ड्यूटी कर अपने गांव रावलधी लौट रहे थे। तभी उन्हें पता चला कि हादसेे ने उनके चाचा राजकुमार को ही लील लिया है। हादसे को देख वह बिलख उठे। उन्होंने इस बारे में पुलिस अधिकारियों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। घटना को लेकर गांव रावलधी व आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है।