चांग। गांव चांग के पड़ाव चौक में जनस्वास्थ्य विभाग की लापरवाही के कारण लोगों का चौक से गुजरना मुश्किल हो गया है। पेयजल लाइन में लीकेज और खुले मैनहोल से क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को पड़ाव चौक पर एकत्र होकर जनस्वास्थ्य विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए रोष व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो महीने पहले विभाग द्वारा नई पेयजल लाइन डालने के लिए लगभग चार फीट गहरा मैनहोल खोदा गया था। विभाग ने लोगों के घरों तक पानी की सप्लाई तो शुरू कर दी लेकिन लाइन में लीकेज छोड़ दी जिसके कारण मैनहोल और आसपास के क्षेत्र में पानी भर गया है। मैनहोल में तीन से चार फीट तक पानी जमा है जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीण सज्जन तंवर, उमेद सिंह, कुलदीप सैन, विकास कुमार, संदीप सभ्रवाल, मंजीत और भगत सिंह ने बताया कि पड़ाव चौक से रोजाना हजारों लोग और छोटे बच्चे गुजरते हैं लेकिन लीकेज और खुले मैनहोल की वजह से यहां दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के बारे में विभाग के उच्च अधिकारियों को कई बार अवगत कराया गया है लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग तुरंत लीकेज और खुले मैनहोल की समस्या का निवारण करे।
गांव चांग के पड़ाव चौक में नई पेयजल लाइन डाली गई थी। लीकेज है तो जल्द ही पेयजल लाइन लीकेज ठीक करवा दी जाएगी। मैनहोल को भी बंद करवाया जाएगा। - कपिल जैन, एक्सईएन, जनस्वास्थ्य विभाग भिवानी।