बलियाली-जमालपुर सड़क निर्माण में लग रही घटिया सामग्री को दिखाते ग्रामीण।
बवानीखेड़ा। बलियाली से जमालपुर के बीच सवा तीन करोड़ रुपये की लागत से बन रही सड़क में ग्रामीणों ने घटिया निर्माण सामग्री लगाए जाने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में इस्तेमाल हो रही टूटी-फूटी और निम्न गुणवत्ता वाली सीसी ब्लॉक्स की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा की। वीडियो वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्य रोकने का प्रयास किया।
सूचना मिलने पर ग्राम पंचायत बलियाली के सरपंच सचिन सरदाना मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। ग्रामीणों की आपत्ति को देखते हुए पीडब्ल्यूडी विभाग के जूनियर इंजीनियर असलम भी मौके पर पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया। हालांकि ग्रामीणों और जेई के बीच तीखी बहस भी हुई।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि वे सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस पर जेई असलम ने कहा कि जहां-जहां ग्रामीणों को आपत्ति है वहां से निर्माण सामग्री को बदल दिया जाएगा। सरपंच सचिन सरदाना ने भी कहा कि ग्रामीणों का विरोध पूरी तरह से जायज है और करोड़ों की लागत से बनने वाली सड़क में उच्च गुणवत्ता की सामग्री का प्रयोग होना चाहिए। इस मौके पर सरदार गुरबक्श सिंह, पंच सुरेन्द्र, पूर्व पंच दिनेश कुमार समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे।