भिवानी के वेटनरी पॉलीक्लिनिक में कुत्ते का ऑपरेशन करते पशु चिकित्सक डॉ. जोनी।
भिवानी। वेटनरी पॉलीक्लिनिक में पशु चिकित्सक डॉ. जोनी ने शनिवार को एक कुत्ते के हार्निया का सफल ऑपरेशन किया। यह बहुत ही जटिल ऑपरेशन था। इस ऑपरेशन में पहले ट्यूमर को हटाया गया और उसके बाद इंसानों की तरह जाली डाली गई। इस बीमारी में आंत, पेशाब का ब्लैडर और गुदा तीनों अपनी जगह छोड़कर दूसरे स्थान पर चली गई थी। इसकी वजह से कुत्ते को पेशाब करने में, शौच करने में और खाने-पीने में दिक्कत आ रही थी।
डॉ. जोनी ने बताया कि वेटनरी पॉलीक्लिनिक भिवानी में पशुओं के ऑपरेशन किए जाते है। यहां पर सर्जरी, मेडिसन, गायिनी व पैथोलॉजी के विशेषज्ञ पशु चिकित्सक बीमार पशुओं का उपचार कर अपनी कर्तव्य का बखूबी निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि रम्यूनोटॉमी, छोटे कटड़े और बछड़े के पेशाब के बंधे का ऑपरेशन, छोटे पशुओं में हड्डी में पिन डालना आदि ऑपरेशन जो पहले हिसार यूनिवर्सिटी में होते थे।
वे अब भिवानी पॉलीक्लिनिक में ही किए जाते हैं, ताकि भिवानी के पशु पालकों को पशुओं के उपचार के लिए हिसार यूनिवर्सिटी पर निर्भर ना रहना पड़े। इसके अतिरिक्त यहां लैब में खून, पेशाब व गोबर की जांच की सुविधा भी दी गई है। इस मौके पर पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. रविंद्र सहरावत ने कहा कि वेटनरी पॉलीक्लिनिक में विशेषज्ञों द्वारा पशुओं को हर उपचार सुविधा मुहैया करवाई जा रही है।