भिवानी। तीनों खंडों के पंचायत चुनाव में प्रमुख दल भाजपा, कांग्रेस व इनेलो के कई दिग्गजों की की प्रतिष्ठा दांव पर है। इनेलो के जिला अध्यक्ष सुनील लांबा की पत्नी सीमा लांबा जिला परिषद के वार्ड 9 से चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड नंबर 10 से भाजपा के वरिष्ठ नेता नंदराम धानिया चुनाव लड़ रहे हैं।
जिला परिषद के वार्ड 8 से किरावड गांव से पूर्व सीपीएस
रामकिशन फौजी के भांजे की पत्नी रेनूबाला चुनाव लड़ रही हैं। जिला परिषद के वार्ड 8 से भाजपा नेता मास्टर सतबीर रतेरिया की पत्नी रवीता इन्सां चुनाव मैदान में हैं। जिला परिषद के वार्ड 8 से इनेलो के टपरीवास प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बलवंत औरंगनगर चुनाव लड़ रहे हैं। सरपंच पद के लिए हजकां नेता रघुबीर रंगा के भाई का लड़का सुरेश रंगा बलियाली गांव से चुनाव लड़ रहे हैं और भाजपा नेता शमशेर बेनीवाल के भाई सत्यवान गांव बलियाली से चुनाव लड़ रहे हैं।
2.30 लाख मतदाता चुनेंगे छोटी सरकार
पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में जिले के खंड तोशाम, बवानीखेड़ा व सिवानी के दो लाख 30 हजार 685 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे और पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य तथा जिला पार्षद के 585 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। तीनों खंडों में 448 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस बीच, जिला प्रशासन ने चाक-चौबंद इंतजामों का दावा किया है।
रविवार 17 जनवरी को जिला परिषद के 8 पदों के लिए, पंचायत समिति के 69 वार्डों, 106 सरपंच पद व 396 पंच पद के लिए चुनाव होगा। सिवानी खण्ड में 123, तोशाम में 182 और बवानी खेड़ा में 143 मतदान केन्द्र बनाए गए है। इनमें 86 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील व 147 मतदान केन्द्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। बवानीखेड़ा में सरपंच पद के 158, सिवानी में 130 और तोशाम में 242 उम्मीदवार हैं।
जिला उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज ने बताया कि पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की तैयारियां पूरी कर ली गई है। उन्होंने बताया कि पंचायत समिति के लिए तीनों खंडों में 91 महिलाएं व 145 पुरुष सहित 236 उम्मीदवार है। इनमें बवानी खेड़ा में 69, सिवानी में 65 और तोशाम में 102 उम्मीदवार पंचायत समिति सदस्य पद के लिए है। उन्होंने बताया कि तीनों खण्डों में पंच के 1241 पद है। इनमें से 845 पंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
--