विजेता खिलाड़ियों के साथ कोच व अन्य।
जूई। तोशाम के खरकड़ी गांव में आयोजित द्वितीय किड्स जिला चैंपियनशिप में जूई के होनहार खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। विभिन्न आयु वर्ग में प्रतिभागियों ने अपनी मेहनत और कौशल से कई पदक हासिल कर गांव का नाम रोशन किया। आठ वर्ष से कम आयु वर्ग में जुई बिचली के वंश ने 80 मीटर दौड़ और 50 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसी वर्ग में दक्ष जुई बिचली ने 50 मीटर बाधा दौड़ में द्वितीय और 80 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान हासिल किया।
एनआईएस कोच आजाद सिंह रापड़िया के मार्गदर्शन में अभ्यास कर रहे मेधावी बच्चों को ग्रामीणों ने बधाई दी और सम्मानित किया। 10 वर्ष से कम आयु वर्ग में जुई बिचली के जिगर ने 80 मीटर बाधा दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 12 वर्ष से कम आयु वर्ग में जुई खुर्द के शुभम ने 200 मीटर दौड़ और 80 मीटर बाधा दौड़ दोनों में प्रथम स्थान अपने नाम किया। इसी वर्ग में जुई कलां के सनी ने 80 मीटर बाधा दौड़ में द्वितीय स्थान हासिल किया। अंशिका जूई कलां ने 80 मीटर बाधा दौड़ में प्रथम और 200 मीटर दौड़ में तृतीय स्थान पाया। आंचल जूई कलां ने 100 मीटर दौड़ में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इसके अलावा, 12 वर्ष से कम आयु वर्ग की 4×100 मीटर मिश्रित रिले दौड़ में शहीद रिशाल सिंह विद्यालय जूई कलां की टीम अंशिका, आंचल, शुभम और अर्जुन ने प्रथम स्थान हासिल कर शानदार उपलब्धि प्राप्त की। इस जीत के साथ ही टीम ने राज्यस्तरीय खेलों के लिए क्वालिफाई भी कर लिया है।