भिवानी। नई अनाज मंडी परिसर स्थित इफ्को के खाद बिक्री केंद्र पर सोमवार सुबह यूरिया और डीएपी की खेप नहीं पहुंचने से केंद्र पर जुटे किसानों ने हंगामा किया। इसे देखकर अधिकारियों को पुलिस बुलानी पड़ी। वहीं खाद नहीं मिलने से किसान मौके पर मौजूद अधिकारियों से भी उलझ बैठे।
दरअसल, किसानों का कहना था कि वे खाद के लिए सुबह चार बजे से ही यहां जुटे हैं, जबकि अधिकारी सुबह नौ बजे पहुंचे। खाद बिक्री केंद्र खुलने से पहले ही काफी भीड़ किसानों की बाहर जमा हो चुकी थी, लेकिन सुबह अधिकारियों ने आते ही कहा कि खाद नहीं आई है। इस पर किसानों का आक्रोश भी फूट पड़ा।
खाद की नई रैक आई है, ऐसे में ढुलाई वाहन रैंक को खाली कराने में जुटे थे, वहीं खरीद केंद्र तक सुबह खाद की आपूर्ति नहीं हो पाई। इसी से व्यवस्था भी गड़बड़ा गई जबकि इफ्को अधिकारियों का तर्क है कि हैफेड के बिक्री केंद्र पर किसानों को खाद मुहैया कराई जा रही थी, जबकि शाम तक केंद्र में भी खाद पहुंच गई।
किसानों की बाजरा व अन्य फसल बिजाई के बाद अब यूरिया की खपत बढ़ गई हैं। कई किसान बची हुई फसलों की बिजाई से पहले ही डीएसपी लेने भी आ रहे हैं। ऐसे में नई अनाज मंडी स्थित इफ्को के बिक्री केंद्र पर खाद की रोजाना आने वाली खेप भी हाथों हाथ ही उठ रही है। सोमवार को केंद्र खुलने से पहले ही काफी किसानों की भीड़ बाहर जुटी थी, लेकिन खाद की खेप नहीं आई थी। ऐसे में कई किसान अपना आपा खो बैठे और वहां मौजूद अधिकारियों से ही उलझ गए।
ऐसे में इफ्को केंद्र के अधिकारियों को भी स्थिति काबू करने के लिए पुलिस बुला ली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खाद लेने आई किसानों की भीड़ को नियंत्रित किया। दोपहर तक केंद्र में खाद नहीं आने से किसान निराश ही वापस लौट गए। वहीं हैफेड के बिक्री केंद्र पर किसानों को करीब एक हजार बैग खाद वितरित किए जाने का दावा किया गया। हर बार किसानों को खाद किल्लत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में फसल बिजाई के बाद किसान खाद लेने के लिए भी लंबी कतारों में लग रहे हैं।
दोपहर तक नहीं पहुंचा खाद
गांव अजीतपुरा निवासी हरिकिशन ने बताया कि वह सुबह खाद लेने के लिए केंद्र पहुंचा था। करीब तीन घंटे इंतजार के बाद कार्यालय खुला तो खाद नहीं होने की बात कही गई। दोपहर तक भी खाद आने का इंतजार करते रहे, लेकिन खेप नहीं आई। पहले भी वह इसी तरह खाद लेने आया था, लेकिन नहीं मिला था। अब फसल में खाद नहीं दी तो फसल खराब हो जाएगी। वहीं गांव देवसर निवासी संजय का कहना है कि खाद के लिए दो दिन से चक्कर लगा रहा हूं। बाहर काफी भीड़ जुटी रहती है तो लाइन में नंबर लगाना पड़ता है। बाद में खाद्य का स्टॉक खत्म होने की सूचना देकर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं। किसानों के लिए खाद की दिक्कत बनी है।
इफ्को के बिक्री केंद्र में खाद की कोई कमी नहीं है। सोमवार सुबह खाद की खेप आने में थोड़ी देरी हो गई थी, इस वजह से कुछ लोगों ने यहां व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किया था, ऐसे में हमें पुलिस बुलानी पड़ी। शाम को खाद की खेप भी पहुंच गई। हैफेड के बिक्री केंद्र से भी किसानों को खाद मुहैया कराई जा रही है। करीब 23 हजार टन खाद का नया रैक भी आ चुका है। यूरिया के साथ किसान डीएपी भी ले रहे हैं। एक किसान को दस बैग दिए जा रहे हैं।
-सुखदेव सिंह, इंचार्ज, इफ्को खाद बिक्री केंद्र भिवानी।