भिवानी। सारथी निरीक्षण से प्रेरणा की ओर पहल के तहत जिले के अधिकारी स्कूलों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। अधिकारी विशेष रूप से 9वीं से 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर अपने कॅरिअर अनुभव साझा करेंगे और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं, कॅरिअर विकल्पों तथा जीवन की चुनौतियों के बारे में जानकारी देंगे।
डीसी गुप्ता लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में आयोजित बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। कार्यक्रम की गतिविधियां सीएमजीजीए ऋषव रंजन की देखरेख में संचालित की जाएंगी। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक माह कम से कम एक दिन स्कूलों का भ्रमण करें और विद्यार्थियों से संवाद स्थापित कर उनकी कॅरिअर काउंसलिंग करें।
उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन प्रदान करना है ताकि वे 12वीं के बाद उपलब्ध विभिन्न अवसरों, डिप्लोमा कोर्स, प्रतियोगी परीक्षाओं, स्कॉलरशिप योजनाओं तथा अन्य विकल्पों की जानकारी प्राप्त कर अपने भविष्य की बेहतर योजना बना सकें।
डीसी ने कहा कि अधिकारी विद्यार्थियों को ड्रग्स और अन्य प्रकार के नशे से दूर रहने के लिए भी प्रेरित करेंगे। विद्यार्थियों को बताया जाएगा कि किसी भी प्रकार का नशा जीवन को बर्बाद कर देता है।
70 प्रतिशत समय विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने में लगाएं
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संवाद के दौरान वे 70 प्रतिशत समय विद्यार्थियों की समस्याएं सुनने में लगाएं ताकि विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से उनकी रुचि, क्षमता और रुझान को समझकर उन्हें उपयुक्त कॅरिअर विकल्प सुझाए जा सकें। उन्होंने कहा कि शेष समय में विद्यार्थियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता, नेतृत्व क्षमता, गहन चिंतन, मार्गदर्शन, राष्ट्रीय एकता और सशस्त्र बलों सहित विभिन्न क्षेत्रों के बारे में जागरूक किया जाएगा।
कहानियों और अनुभवों से विद्यार्थियों को करें प्रेरित
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे विद्यार्थियों के साथ अपने जीवन के अनुभव साझा करें तथा प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की कहानियों और वीडियो के माध्यम से बच्चों को प्रोत्साहित करें ताकि उन्हें अपने कॅरिअर के लिए स्पष्ट दिशा मिल सके। उन्होंने इंजीनियरिंग से संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे आईटीआई संस्थानों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करें और उन्हें भविष्य के कॅरिअर विकल्पों की जानकारी दें।