भिवानी: नागरिक अस्पताल के आपात कालिन विभाग के बाहर लगी वाहनों की कतार।
भिवानी। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी और आपातकालीन विभाग के आगे वाहनों की अवैध पार्किंग से छुटकारा नहीं मिल रहा है। हालांकि कुछ अर्से पहले ही सिविल सर्जन औचक निरीक्षण के बाद यहां की अव्यवस्थाओं पर कड़ा संज्ञान लेते हुए इस संबंध में कर्मचारियों से भी जवाब तलब कर चुके हैं। इसके बावजूद भी व्यवस्था पटरी पर नहीं आ रही है।
अब स्वास्थ्य विभाग ने ओपीडी और आपातकालीन विभाग मुख्य गेट के आगे वाहनों की अवैध पार्किंग रोकने के लिए सिक्योरिटी कर्मचारियों को तैनात कर दिया है। जो यहां आने वाले वाहनों को कतारबद्ध करा रहे हैं, मगर फिर भी ओपीडी के आगे वाहनों का जाल फैला है। कोई भी मरीज ओपीडी में आता है तो उसे इन बेतरतीब तरीके से खड़े किए गए वाहनों के बीच से होकर जाना पड़ता है। अगर कोई व्हील चेयर पर ओपीडी में जाने की कोशिश करता है तो ये वाहन आगे अवरोधक बन जाते हैं। ऐसे में अब अस्पताल परिसर में अवैध वाहन पार्किंग बड़ी समस्या बन रही है।
बाजार में खरीदारी, अस्पताल में वाहन पार्किंग
जिला नागरिक अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके तीमारदार ही यहां वाहन लेकर नहीं आते, बल्कि शहर के बाजारों में त्योहारों पर खरीदारी करने आने वाले लोग भी अस्पताल परिसर के अंदर अपने वाहनों की अवैध पार्किंग कर रहे हैं। इन्हें रोकने के लिए न तो अस्पताल प्रशासन ने अभी तक कोई कदम उठाया है न ही पुलिस प्रशासन इस ओर कोई कदम उठा रहा है। अस्पताल परिसर में सैकड़ों वाहनों की पार्किंग होने से यहां वाहन चोरी की भी काफी घटनाएं हो चुकी हैं। हालांकि अस्पताल परिसर में सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, मगर इन कैमरों को भी वाहन चोर चकमा देकर वाहनों पर हाथ साफ कर ले उड़ते हैं।
-
नागरिक अस्पताल में बाहरी वाहनों की पार्किंग अवैध है, इसे रोकने के लिए पुलिस प्रशासन को पत्र लिखा जाएगा। वहीं अस्पताल परिसर के सिक्योरिटी कर्मचारियों को भी सख्त हिदायतें दी हैं कि वे निर्धारित जगह पर ही वाहनों की पार्किंग होने दें। ओपीडी और आपातकालीन विभाग के सामने किसी भी तरह की वाहन पार्किंग नहीं होने दी जाए।
-डॉ रघुवीर शांडिल्य, सिविल सर्जन, भिवानी।