भिवानी। जिले में ब्लैक फंगस से दो की मौत हो गई, इसके बाद जिले में फंगस से मौत का आंकड़ा 12 पहुंच गया है। वहीं वीरवार को ब्लैक फंगस का एक नया मामला मिला है, जिसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में रेफर किया गया है। जिले में फंगस के अब तक कुल 41 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें से 12 की मौत हो चुकी है और 13 ठीक हो चुके हैं। जिले में फिलहाल 16 सक्रिय केस हैं। जिन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज, पीजीआईएमएस रोहतक और गुरुग्राम के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में ब्लैक फंगस से दो की मौत हो गई। गांव बलियाली वासी 70 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति पिछले कई दिन से ब्लैक फंगस से ग्रस्त था। परिजनों ने उसे उपचार के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में दाखिल करवाया था। जिसमें वीरवार दोपहर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरी मौत शहर की लेबर कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय व्यक्ति की हुई है। जोकि पिछले सप्ताह जिला सामान्य अस्पताल में चेकअप करवाने के लिए आया था। जांच के दौरान चिकित्सक ने उसे ब्लैक फंगस की पुष्टि की। चिकित्सक ने उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां बुधवार देर रात को उसकी मौत हो गई। जिले में फंगस से अब तक कुल 12 मौत हो चुकी हैं। वही, वीरवार को ढाणा रोड निवासी 36 वर्षीय व्यक्ति ब्लैक फंगस से ग्रस्त मिला है। उक्त व्यक्ति वीरवार को जिला सामान्य अस्पताल की ओपीडी में चेकअप करवाने पहुंचा था। जिसकी जांच में ब्लैक फंगस होने की पुष्टि हुई। जिसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। जिले में फिलहाल 16 सक्रिय केस हैं।
वर्जन::
ब्लैक फंगस से बचाव के लिए जागरूकता और सावधानी जरूरी है। इसके लिए अपने आस-पास के क्षेत्र को साफ रखें। दिक्कत होने पर ऑक्सीजन लेवल चेक करें और मास्क को अच्छे से साफ करें। अनावश्यक रूप से किसी भी दवा या इंजेक्शन का प्रयोग न करें। स्टेरॉयड दवा का सेवन चिकित्सक के परामर्श के बिना सेवन न करें।
- डॉ. सपना गहलावत, सिविल सर्जन।