चरखी दादरी। शहर में दो अलग अलग सड़क हादसों में
कर्मचारी समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल को सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है।
प्राप्त जानकारी के
अनुसार लोहारू चौक के समीप ट्रक ने एक बाइक चालक कंवरपाल को कुचल दिया। कुछ
देर बाद ही कंवरपाल ने दम तोड़ दिया। चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़कर फरार
हो गया। समीप के लोगों ने इसकी सूचना शहर पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर
जाकर शव को अपने कब्जे में लिया तथा परिजनों को घटना की सूचना दी। मृतक
कंवरपाल झोझू कलां का रहने वाला था और सिंचाई विभाग वर्कशाप में कार्यरत
था। शहर पुलिस कागज कागज कार्रवाई में जुटी है। शव को सिविल अस्पताल
पहुंचाया गया है।
एक अन्य घटना में चिड़िया रोड पर दो बाइक आपस में टकरा
गई, जिससे एक बाइक सवार की मौत हो गई जबकि दूसरा बाइक सवार घायल हो गया।
उसे सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। जानकारी के मुताबिक गांव
पांडवान निवासी सोमबीर बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। इसी बीच
चिड़िया रोड पर सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इस घटना में पांडवान
निवासी सोमबीर के पैर में चोटें आई जबकि दूसरे बाइक सवार नितान निवासी
बलकरा की मौत हो गई। शहर पुलिस थाना एएसआई पवन कुमार ने बताया कि पुलिस
जांच कर रही है।