बवानीखेड़ा। कस्बे में नगर पालिका कार्यालय के पास बाजार के मुख्य मार्ग पर रविवार को दो बाइकों में टक्कर हो गई। इस हादसे में दो युवक घायल हो गए। वहीं, दूसरी घटना में कार और बाइक में टक्कर हो गई। इस कारण कुछ देर तक यातायात प्रभावित रहा।
कस्बे के मुख्य बाजार रोड पर सौंदर्यीकरण के लिए डिवाइडरों पर लोहे की जाली लगाई गई है। इस कारण विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों का पता नहीं चलता। गति अवरोधक न बने होने के कारण वाहनों की रफ्तार अधिक रहती है। इस वजह से आए दिन इस तरह की घटना देखी जा रही हैं। कस्बावासियों ने पुलिस प्रशासन से तेज गति से चलने वाले वाहनों पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
सेक्टर-23 से कार चोरी का तीसरा आरोपी गिरफ्तार
भिवानी। सीआईए द्वितीय ने सेक्टर-23 हुडा में मकान के सामने से कार चोरी के तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है।
हुडा सेक्टर- 23 निवासी जयवर्धन ने पुलिस को शिकायत दी। इसमें बताया कि 11 जनवरी 2023 की रात को चोर घर के बाहर खड़ी उनकी कार को चोरी करके ले गए थे। इसी मामले में कार्रवाई कर सीआईए द्वितीय के मुख्य सिपाही नवीन कुमार ने इस मामले में तीसरे आरोपी को जिला जालौर राजस्थान से गिरफ्तार किया है। उसकी पहचान जिला जालौर राजस्थान के गांव पुर निवासी जगदीश के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। उसके दो साथियों को पहले ही दबोचा जा चुका है।