तोशाम (भिवानी)। गांव खानक के नजदीक मंगलवार सुबह डंपर और बाइक की टक्कर में में दस वर्षीय बच्चे और 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वे दोनों बाइक पर सवार होकर गांव थिलोड से हिसार जा रहे थे। घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थिलोड निवासी 18 वर्षीय अंकित हिसार जा रहा था। अंकित के साथ मौसी का लड़का 10 वर्षीय आदित्य भी था। गांव खानक के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रहे डंपर ने सीधी टक्कर मारी। टक्कर लगने से अंकित व आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई।
अंकित करता था हिसार कोचिंग
अंकित हिसार में सीए की कोचिंग लेता था। मंगलवार को इससे संबधित पेपर देने के लिए हिसार जा रहा था। अंकित की मौसी हिसार में ही रहती हैं। अंकित की मौसी का लड़का आदित्य थिलोड आया हुआ था। अंकित मौसेरे भाई को भी हिसार छोड़ने के लिए ले जा रहा था।
दो घरों के बुझ गए चिराग : थिलोड निवासी 18 वर्षीय अंकित बहन का अकेला भाई था, वहीं जिला जींद के बड़नपुर निवासी दस वर्षीय आदित्य दो बहनों का अकेला भाई था। मंगलवार की सुबह थिलोड निवासी जयकुमार व बड़नपुर निवासी वीरेंद्र के लिए अमंगल हो गई और दोनों परिवारों को यह हादसा कभी न भरने वाला घाव दे गया।