कोरोना वायरस का संक्रमण अब जानलेवा बनता जा रहा है। शनिवार को दो और कोरोना पॉजिटिव जिंदगी की जंग हार गए। एक गारनुपरा गांव से है तो दूसरा शहर के तेलीवाड़ा क्षेत्र से है। दोनों ने हिसार में उपचार के दौरान दम तोड़ा। अब तक जिले के 12 कोरोना पॉजिटिव कोरोना से जिंदगी की जंग हार चुके हैं। वहीं जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा भी अब 1318 तक पहुंच गया है। शनिवार को भी 31 कोरोना पॉजिटिव सामने आए। अब जिले में 232 एक्टिव केस है। 1074 लोग ठीक हो चुके हैं।
सांस लेने में तकलीफ के बाद हुई समस्या और गई जान
गारपुरा वासी 48 वर्षीय व्यक्ति आठ दिन तक जिंदगी-मौत के बीच जूझता रहा। उन्हें सांस लेने में तकलीफ के बाद हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जिसके बाद उन्हें खांसी की समस्या हुई। 27 अगस्त को जिंदल रोड हिसार स्थित एक लैब में उनका कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल दिया गया। जिसकी 28 को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। जिसके बाद हिसार सिविल सर्जन कार्यालय की ओर से भिवानी में इसकी सूचना दी गई। तकलीफ बढ़ने पर मरीज को एमएएमसी अग्रोहा रेफर किया गया। जहां तबीयत ज्यादा गंभीर होने के कारण उन्हें आईसीयू में रखा गया। शनिवार अल सुबह करीब 03:36 पर उन्होंने अंतिम सांस ली। व्यक्ति की मौत से पूरा परिवार शोक में है।
कोरोनरी धमनी की बीमारी से भी पीड़ित था तेलीवाड़ा का व्यक्ति
रविदास मंदिर तेलीवाड़ा के 61 वर्षीय व्यक्ति ने जिंदल अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार को दम तोड़ा है। कोरोनरी धमनी की बीमार व अन्य बीमारियों के चलते हिसार के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। जहां 26 अगस्त को कोरोना टेस्ट के लिए सैंपल दिया गया। व्यक्ति 27 अगस्त को कोराना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। शनिवार को उपचार के दौरान व्यक्ति ने दम तोड़ दिया।
कब-कब हुई कोरोना पॉजिटिव की मौत
- 15 जून : ट्रांसपोर्टर के यहां काम करने वाले पाथरवाली के 36 वर्षीय कोरोना पॉजिटिव युवक की अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। युवक नोएडा से 13 जून को अपने गांव आया था। 14 जून को उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
- 17 जून : बड़ेसरा गांव की करीब 60 वर्षीय महिला की अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हुई। महिला लंबे समय से दिल्ली में रह रही थी और तबीयत बिगड़ने उन्हें अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां उनका कोरोना सैंपल पॉजिटिव मिला। वहीं उपचार के दौरान उनकी मौत हुई।
- 19 जून : पतराम गेट क्षेत्र से कोरोना पॉजिटिव सर्राफा व्यापारी का निधन। उन्हें हार्ट संबंधित समस्याएं भी थी और लंबे समय से इलाज चल रहा था।
- पांच जुलाई : नाथुवास में 45 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हुई। व्यक्ति की गुर्दे खराब होने, सांस लेनेमें तकलीफ संबंधित समस्या भी थी।
- 15 जुलाई : भैणी ठाकरान वासी करीब 75 वर्षीय व्यक्ति की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हुई। वह कैंसर से भी पीड़ित थे।
- 03 अगस्त : नया बाजार क्षेत्र की एक कॉलोनी से 62 वर्षीय महिला की रात को अचानक तबीयत बिगड़ी और बीपी हाई होने के बाद दम तोड़ दिया। महिला को एक सप्ताह पहले टाइफाइड हुआ था।
- 05 अगस्त : हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के 85 वर्षीय बुजुर्ग ने हिसार के एक नजिी अस्पताल में दम तोड़ा। मौत के बाद उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। स्टेट पोर्टल से आठ अगस्त को जिला स्वास्थ्य विभाग को मौत की सूचना मिली।
- 08 अगस्त : लाल मस्जिद क्षेत्र के 34 वर्षीय व्यापारी की हिसार के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हुई। उसे शरीर में दर्द और तबीयत बिगड़ने की समस्या हुई थी। एक सप्ताह तक इलाज के बाद उसकी मौत हो गई।
- 20 अगस्त : बहल क्षेत्र के 58 वर्षीय व्यक्ति ने पीजीआई में उपचार के दौरान दम तोड़ा। उसे शूगर संबंधित बीमारी थी। जिसके बाद 15 अगस्त को हिसार के एक निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। 19 को परिजन रोहतक ले गए जहां 20 की देर रात मौत हुई।
- 26 अगस्त : लोहड़ बाजार क्षेत्र की 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ा।