भिवानी। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं स्पेशल जज सुरुचि अटरेजा सिंह की अदालत ने बुधवार को एनडीपीएस एक्ट के तहत दो दोषियों को पांच-पांच साल कैद की सजा सुनाई। दोनों को 13 अक्तूबर 2023 को रोहतक से भिवानी जिले में बेचने के लिए 10 ग्राम हेरोइन लेकर आते समय पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
सदर थाने के एएसआई कृष्ण कुमार 13 अक्तूबर 2023 को पुलिस टीम के साथ बस अड्डा बामला क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि जितेंद्र और वजीर गाड़ी में रोहतक से भिवानी हेरोइन लेकर आ रहे हैं। पुलिस ने नाकाबंदी कर संदिग्ध गाड़ी रुकवाई और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की नियमानुसार तलाशी ली। इस दौरान जितेंद्र उर्फ जीतू निवासी कीर्ति नगर, भिवानी और वजीर निवासी गुजरानी, भिवानी के कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान पुलिस की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर अदालत ने दोनों को मादक पदार्थ खरीदकर लाने और तस्करी करने का दोषी करार दिया।
जुर्माना न देने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा : अदालत ने दोषी वजीर और जितेंद्र उर्फ जीतू को पांच-पांच साल के कारावास और 20-20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। जुर्माना अदा नहीं करने पर दोनों को छह-छह माह का अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा।