भिवानी। गांव खरककलां के बस स्टैंड पर दो दुकानों के अंदर चोरी हो गई। चोर दोनों ही दुकानों की छतें तोड़कर अंदर घुसे और फिर हजारों रुपयों कीमत के सामान पर हाथ साफ कर डाला। लॉकडाउन के कारण दोनों दुकानें बंद थी। मामले की शिकायत खरककलां पुलिस चौकी में दी। जिस पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया।
सदर पुलिस को दी शिकायत में गांव खरक खुर्द निवासी राजेश कुमार ने बताया कि खरक बस स्टैंड पर उसकी हेयर कटिंग की दुकान हैं। उसी के समीप सुंदर शर्मा की स्पोर्ट्स वियर की दुकान है। गत 20 मई की रात को इन दोनों ही दुकानों में चोरी हो गई। चोर छत को तोड़कर दुकानों के अंदर घुसे। राजेश ने बताया कि चोर उसकी दुकान से 25 हजार रुपये की नकदी जो कमेटी जमा कराने के लिए रखे हुए थे। वहीं सुंदर की दुकान से चोर 50 लवर, 30 टीशर्ट, 40 कच्चे व 36 बनियान सहित एक हजार रुपये की नकदी भी ले गए। दुकानों के अंदर चोरी की वारदात की शिकायत खरककलां पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चोरी की वारदात की छानबीन की और इस संबंध में सदर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज किया।
सदर पुलिस थाना एसएचओ विद्यानंद ने बताया कि लॉकडाउन के अंदर बंद दुकानों में चोरी की शिकायत पर केस दर्ज हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की तहकीकात में जुटी है।