भिवानी। शहर के हांसी मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) पर रविवार सुबह ओवरटेक करते समय दो गाड़ियों और एक बाइक में टक्कर हो गई। इसमें बाइक पर सवार 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई रेफर किया गया है।
बवानीखेड़ा निवासी मंजीत ने बताया कि रविवार सुबह वह बाइक पर सवार होकर बवानीखेड़ा से भिवानी जा रहे थे। इसी दौरान गांव प्रेमनगर के पास 50 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति ने उनसे लिफ्ट मांगी थी। इसके बाद वह दोनों बाइक से भिवानी जा रहे थे।
जब वह पुलिस लाइन के पास बने आरओबी पर पहुंचे तो सामने से तेज गति से आ रही वैगनआर कार ने पहले इको कार में टक्कर मारी इसके बाद असंतुलित कार बाइक में आ लगी। इस कारण उनकी बाइक पर बैठा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों ने डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचित कर घायल व्यक्ति को अस्पताल में दाखिल करवाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल व्यक्ति को चिकित्सकों ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पुलिस ने मौका, मुआयना कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
तूड़ी से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त
लोहारू। लोहारू थाना पुलिस टीम ने जांच के दौरान शहर के दादरी रोड पर तूड़ी से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली को काबू किया है। एसआई सीताराम पुलिस टीम के साथ दादरी मोड़ पर यातायात ड्यूटी के लिए तैनात थे। इस दौरान तूड़ी से भरी ओवरलोड ट्रैक्टर ट्रॉली वहां से गुजरी। इससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। कई लोगों की जान जोखिम में दिखाई दे रही थी। यातायात में बाधा डालना काफी नुकसानदायक हो सकता था। इसलिए पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।