फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

छात्रों से भरी ट्राली पलटी, एक की मौत, पांच घायल

Thu, 20 Nov 2014 12:14 AM IST
ब्यूरो/ अमर उजाला, भिवानी
विज्ञापन
विज्ञापन
लचर परिवहन सेवा ने एक परिवार के चिराग को बुझा दिया और आधा दर्जन को अस्पताल पहुंचा दिया। आईटीआई के 25-30 छात्रों से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलटने की वजह से यह दर्दनाक हादसा हुआ। बस का लंबा इंतजार करने के बाद सभी छात्र उक्त ट्रैक्टर ट्राली में सवार होकर तोशाम आ रहे थे। बाद में लोगों ने रास्ता जाम कर अपनी नाराजगी भी जाहिर की।
विज्ञापन


यह हादसा बुधवार दोपहर बाद करीब चार बजे भिवानी मार्ग पर शिवम मारवल के पास हुआ। तोशाम-भिवानी मार्ग पर करीब दो किलोमीटर दूर स्थित शिव औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के छात्र संस्थान की छुट्टी के बाद तोशाम आने के लिए मार्ग पर खड़े किसी वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान भिवानी की तरफ से बिल्डिंग सैटरिंग के सामान से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली आई। तोशाम आने के लिए 25 से 30 छात्र इस ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार हो गए। जब यह ट्रैक्टर-ट्रॉली शिवम मारबल के पास पहुंची तो अचानक ही ट्रैक्टर चालक अपना संतुलन खो बैठा और ट्राली पलट गई।

ट्रॉली पलटने से उसमें सवार करीब आधा दर्जन छात्र इसके नीचे दब गए। दबने वाले छात्रों में खावा निवासी सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने ट्रैक्टर ट्राली के नीचे दबे छात्रों को बाहर निकला और उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। घायल छात्र सीताराम ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मृतक छात्र खावा निवासी सीताराम अपनी बहन का इकलौता भाई था। सीताराम की मौत के बाद रामनिवास के घर का चिराग बुझ गया। घटना की सुचना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
विज्ञापन


हादसे में तोशाम निवासी प्रदीप, नूनसर निवासी जयभगवान उर्फ सोनू, जंगबीर संड़वा, अनिल संड़वा व विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गए। संड़वा निवासी अनिल को छोड़कर अन्य घायलों को भिवानी रेफर कर दिया गया। एएसआई सूरत सिंह ने बताया कि लोगों की मांग जायज है। इस बारे में उच्च अधिकारियों बात करेंगे और मांग को पूरा करवाने का प्रयास करेंगे।

गुस्साए लोग सड़क पर उतरे
घटना से गुस्साए लोगों ने तोशाम-भिवानी मार्ग को जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना था कि यहां कई हादसे हो चुके हैं जिनमें दो-तीन लोगों की जान भी जा चुकी है। लोग प्रशासन से बार-बार यहां स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग कर चुके हैं। लोगों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि इनकी मांग को पूरा नहीं किया जा रहा जिसके कारण हर रोज यहां हादसे हो रहे हैं। करीबन 15 मिनट तक मांग को लेकर जाम रखा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को आश्वासन दिया कि वे ब्रेकर बनवाने के लिए एसडीएम से बात करेंगे।

लचर परिवहन व्यवस्था पर बरसे
खाप नेता सूबेदार निहाल सिंह ने आज की घटना की बाबत कहा कि आईटीआई प्रशासन को भी छात्रों की परिवहन व्यवस्था की ओर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि दर्जनों छात्र हर रोज मार्ग से पैदल आते हैं या किसी वाहन को पकड़ने का प्रयास करते हैं। इससे आए दिन हादसे का भय बना रहता है। उन्होंने बताया कि छात्रों की परिवहन समस्या को देखते हुए वे आईटीआई प्रशासन से इस संबंध में आग्रह कर चुके हैं। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के संचालक अशोक कुमार ने बताया कि उन्होंने छात्रों के बस पास बनवा रखे हैं और सभी बसें यहां रूकती हैं। लगभग छात्र बसों में ही आवागमन करते हैं।
विज्ञापन

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें