भिवानी। झंकार रोड पर पंचायत भवन स्थित दमकल कार्यालय के सामने मंगलवार दोपहर बैंक से रुपये निकालकर स्कूटी से घर लौट रही 35 वर्षीय महिला को सड़क पार कराने के बहाने लिफ्ट मांगने वाली बुजुर्ग महिला ने कथित तौर पर ठग लिया। पीड़िता के अनुसार कमर में नुकीली सुई जैसी वस्तु चुभने के बाद वह बेहोश हो गई और उसके बैग से 30 हजार रुपये तथा गले व कानों के गहने गायब मिले।
कीर्ति नगर निवासी रवि सैनी ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब सवा एक बजे उनकी पत्नी मीनाक्षी का अनजान नंबर से फोन आया। उसने बताया कि वह झंकार रोड पर दमकल कार्यालय के सामने खड़ी है। रवि मौके पर पहुंचे तो पत्नी स्कूटी पर बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों ने डायल 112 पर सूचना देने के बाद उसे तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
सड़क पार कराने के बहाने मांगी थी लिफ्ट
मीनाक्षी ने होश आने पर बताया कि एक बुजुर्ग महिला ने उससे सड़क पार कराने के लिए लिफ्ट मांगी थी। इसी दौरान उसे कमर में नुकीली सुई जैसी कोई वस्तु चुभने का आभास हुआ। इसके बाद वह कुछ दूर जाकर बेहोश हो गई। पीड़िता के अनुसार उसने बैंक से 30 हजार रुपये निकाले थे जो उसके गले और कानों के गहनों के साथ बैग से गायब मिले। डायल 112 पर सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। सिविल लाइन थाने के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि फिलहाल पीड़िता के बयान दर्ज नहीं हुए हैं। बयान के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी और वारदात की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी।