भिवानी। डीसी साहिल गुप्ता ने संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) देने वाले पहली शिफ्ट के परीक्षार्थियों से अपील की है। जिनके परीक्षा केंद्र दो घंटे या इससे अधिक समय के सफर या फिर 100 किलोमीटर या इससे अधिक दूरी पर हैं वे एक दिन पहले ही अपने-अपने परीक्षा से संबंधित शहरों में पहुंच जाएं ताकि वे आराम कर सकें और अच्छी तरह परीक्षा दे सकें।
डीसी गुप्ता ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि 26 और 27 जुलाई को बहुत जरूरी कार्य होने पर ही बसों में यात्रा करें। हालांकि जिला प्रशासन ने परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए गए हैं। बसों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। शहर में परीक्षा केंद्रों तक शटल बस सेवा चलेगी। इसके लिए सात रूट बनाए गए हैं।
बाहर से परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों के ठहरने की समुचित व्यवस्था
डीसी ने बताया कि बाहर से भिवानी में परीक्षा देने आने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन द्वारा ठहरने की व्यवस्था की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जाट धर्मशाला के बड़े हॉल में लड़कों के ठहरने व 10 कमरे महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए है। महिलाओं के लिए पुलिस सुरक्षा का भी पुख्ता प्रबंध किया गया है। इसके अलावा रोहतक रोड पर राधा स्वामी सत्संग भवन दिनोद व राधा स्वामी ब्यास आश्रम में भी परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है।