भिवानी। यात्रियों की सुविधा के लिए भिवानी-ढेहर का बालाजी नई रेल सेवा का संचालन किया जा रहा है। चार नवंबर को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन का संचालन किया जाएगा। इस रेलसेवा का नियमित संचालन पांच नवंबर से प्रतिदिन किया जाएगा।
उद्घाटन स्पेशल गाड़ी संख्या 04705 भिवानी-ढेहर का बालाजी (जयपुर) उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा चार नंबर को भिवानी से सुबह 8.45 बजे रवाना होकर दोपहर 3.30 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04706 ढेहर का बालाजी (जयपुर)- भिवानी उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा चार नवंबर को ढेहर का बालाजी स्टेशन से शाम 4.30 बजे रवाना होकर रात 11.45 बजे भिवानी पहुंचेगी। नियमित गाड़ी संख्या 14705 भिवानी-ढेहर का बालाजी (जयपुर) एक्सप्रेस रेल सेवा पांच नवंबर से प्रतिदिन भिवानी से सुबह 5.45 बजे रवाना होकर 12.20 बजे ढेहर का बालाजी पहुंचेगी।
इसी प्रकार गाड़ी संख्या 14706 ढेहर का बालाजी (जयपुर)-भिवानी प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा पांच नवंबर से ढेहर का बालाजी स्टेशन से प्रतिदिन 3.50 बजे रवाना होकर 10.10 बजे भिवानी पहुंचेगी। यह रेलसेवा मार्ग में चरखी दादरी, झाड़ली, कोसली, रेवाड़ी, कुण्ड, काठूवास, अटेली, नारनौल, निजामपुर, डाबला, मांवडा, नीम का थाना, कावंट, श्रीमाधोपुर, रींगस, गोविन्दगढ मलिकपुर, चौमू सामोद व नींदड़ बनाड स्टेशनों पर ठहराव करेगी। गाड़ी में दो स्लीपर, सात जनरल व दो एसएलआर सहित 11 डिब्बे होंगे।
उत्तर पश्चिमी रेलवे बीकानेर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनिल रैना ने बताया कि इस ट्रेन का भिवानी, चरखी दादरी, नारनौल क्षेत्र के लोगों को फायदा मिलेगा। वहीं भिवानी स्टेशन पर खाटूश्याम तक जाने वाली उद्घाटन ट्रेन को सांसद धर्मबीर सिंह हरी झंडी दिखाएंगे।