शहर में बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए जिला प्रशासन एक बार फिर ट्रैफिक लाइट पर आ टिका है। सात साल पहले लगाई गई ट्रैफिक लाइटों को एक बार फिर शुरू किया गया है। मगर अभी भी टाइमिंग लोगों के लिए परेशानी बनी है। रात को शुरू की गई ट्रैफिक लाइटें लोगों के लिए परेशानी बनी रही और टाइमिंग के फेर वाहन खड़े होते रहे।
2012 में नगर परिषद के तत्कालीन चेयरमैन विजय पंचगावा के समय में शहर में ट्रैफिक व्यवस्था कंट्रोल करने के लिए चार जगह ट्रैफिक लाइटें लगाई गई थी। शहर के घंटाघर चौक, हांसी गेट चौक, चिडिय़ाघर मोड़, महम गेट चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगाई गई थी। ट्रैफिक लाइटें टाइमिंग के फेर में लगातार लोगों के लिए परेशानी बनी रहती है। पहले शुरुआत में ही जाम लगने लगा। जिससे ट्रैफिक लाइटें बंद कर दी गई। अब एक बार फिर से ट्रैफिक कंट्रोल करने के लिए ट्रैफिक लाइटों का सहारा लिया जा रह हैं। टाइमिंग इस बार भी परेशानी का सबब बन रही है।
छह साल बाद शिकायत पर 2018 में जली लाइटें
2012 में लाइटें लगने के बाद करीब सप्ताहभर ही लाइटें जली मगर टाइमिंग के फेर में बंद कर दी गई। छह साल लाइटें बंद रही। दिसंबर 2018 में एक शिकायत पर ट्रैफिक लाइटें फिर से जलाई गई। इस बार भी दो दिन जलाने के बाद बंद कर दी गई। पिछले छह माह से ट्रैफिक लाइटें बंद हैं। अब हाल ही में ट्रांसफर होकर आए उपायुक्त सुजान सिंह ने फिर से शहर की बिगड़ी ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक लाइटें जलाने का निर्णय लिया। नगर परिषद ने निर्देशों के बाद इसे शुरू किया है।
नजदीक-नजदीक चार ट्रैफिक लाइटों से बिगड़ रही व्यवस्था
शहर में लगी ट्रैफिक लाइटें एक ही मार्ग सरकुलर रोड पर है। शहर के महम गेट, चिड़ियाघर मोड़, हांसी गेट चौक, घंटाघर चौक पर ट्रैफिक लाइटें लगी है। महम गेट और हांसी गेट के बीच की दूरी बमुश्किल सात सौ मीटर है। जिससे एक जगह ट्रैफिक लाइट रेड होती है तो दूसरी जगह ग्रीन। ऐसे में एक जगह जाम बढ़ता है और ट्रैफिक व्यवस्था सुधरने की बजाए बिगड़ जाती है।
90 सेकेंड रेड लाइट, सामने कोई व्हीकल नहीं, खड़े रहे वाहन चालक
शनिवार रात से शुरू की गई ट्रैफिक लाइट के समय को लेकर लोग परेशान रहे। महम गेट चौक पर 90-90 सेकेंड का समय ट्रैफिक लाइटों का निर्धारित किया गया है। जिससे लोग परेशान रहे। सामने व्हीकल नहीं होने बावजूद भी उन्हें खड़ा रहना पड़ा। रुके हुए वाहनों से जाम जरूर लगा।
शहर के मुख्य चौराहों पर लगता है लंबा जाम
शहर के मुख्य चौराहों घंटाघर चौक, हांसी गेट, चिड़ियाघर मोड़, महम गेट, रोहतक गेट चौक, दादरी गेट, देवसर चुंगी, ऑटो मार्केट देवीलाल चौक पर हर रोज सुबह 10 से दोपहर एक बजे तक जाम लगते हैं। इन मार्गों से हर रोज 30 हजार वाहन गुजरते हैं। जाम से लोग परेशान रहते हैं। सोमवार और मंगलवार को स्थिति ज्यादा गंभीर रहती है।
शहर में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए फिर से ट्रैफिक लाइटें शुरू की गई हैं। इनकी टाइमिंग सेट नहीं है। इसके लिए सोमवार को इंजीनियर बुलाया है। प्रयास रहेगा कि टाइमिंग ऐसी सेट हो कि कहीं भी जाम न लगे और ट्रैफिक व्यवस्था भी बेहतर हो सके।
सुभाष यादव, इंचार्ज, ट्रैफिक पुलिस