गांव धनाना में रविवार को जमीनी विवाद को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। दोनों ही पक्षों के तीन-तीन लोग गंभीर रूप से जख्मी होकर भिवानी जिला सामान्य अस्पताल में पहुंचे, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद मामले की सूचना पुलिस को दी।
जिला सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन एक पक्ष के घायल गांव धनाना निवासी राजमल ने बताया कि वह अपने दोनों बेटों विजय व सुरेंद्र के साथ सुबह खेत में पानी लगाने गया हुआ था। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग वहां पहुंचे और उन पर अचानक हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उनका आरोप है कि उन पर कुल्हाड़ी व लाठी डंडों से हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके पास पुस्तैनी जमीन है। जिसके तीस साल के कागजात उनके पास मौजूद हैं। मगर फिर भी इस जमीन को लेकर परिवार के ही कुछ लोग चार बीघे जमीन पर अपना हक जता रहे हैं, इसी को लेकर विवाद चल रहा है। इस झगड़े में राजमल सहित उसके दोनों बेटों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं दूसरे पक्ष के गांव धनाना निवासी ओमप्रकाश नंबरदार ने बताया कि उसका उसका भाई रामनिवास फौजी खेत में काम कर रहा था कि इसी दौरान आरोपी पक्ष ने उस पर हमला कर दिया। जब इसकी जानकारी परिवार के लोगों को मिली तो वे भी मौके पर पहुंचे तो उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में जंगी, रामनिवास व ओमप्रकाश नंबरदार को भी गंभीर चोटे आई हैं। ओमप्रकाश नंबरदार ने बताया कि उनके साथ लगते खेत आरोपियों के पास है। जबकि उनके खेत में जाने का रास्ता को लेकर विवाद चल रहा है। वहीं सदर पुलिस भी मामले की तहकीकात में जुट गई है।