अस्पताल में उपचार के दौरान बच्चा। फाइल फोटो
- फोटो : Bhiwani
तेज रफ्तार और शराब के नशे में ट्रैक्टर चालक ने ढाई साल के मासूम को टक्कर मार दी। टक्कर से बच्चा गिर गया और ट्रैक्टर का अगले पहिया में उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। मासूम ट्रैक्टर में फंसकर कुछ दूर तक घसीटता चला गया। उपचार के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। घटना बुधवार शाम की है।
पुलिस को दी गई शिकायत में प्रवीन ने बताया कि वो बवानीखेड़ा की ढाणी का रहने वाला है। बुधवार शाम साढ़े सात बजे अपने परिवार के सदस्यों के साथ भाई बलजीत के मकान के आगे बातचीत कर रहा था। बलजीत का ढाई वर्षीय लड़का विनय मकान के आगे खड़ा था। उसी वक्त बवानीखेड़ा निवासी चरणजीत उर्फ चिरंजा गाना बजाते हुए शराब के नशे में तेज रफ्तार में लापरवाही से ट्रैक्टर चलाता हुआ आया और पास में रैंप पर खड़े उसके भतीजे विनय को सीधी टक्कर मार दी। इससे वह गिर गया और ट्रैक्टर का अगला टायर विनय के सिर पर चढ़ गया। चालक उसे घसीटता हुआ 10 से 15 कदम तक ले गया। आनन-फानन में परिजन उसे हिसार के निजी अस्पताल ले गए, जहां देर रात उसकी मौत हो गई। वीरवार शाम शव को मिट्टी दिया गया।
थाना प्रभारी जयसिंह व जांच अधिकारी एचसी सुभाष ने बताया परिजनों के बयान पर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।