लोहारू में किसान महापड़ाव के दौरान किसानों को संबोधित करते कर्मचारी नेता। संवाद
लोहारू। करोड़ों रुपये के बकाया बीमा क्लेम भुगतान सहित किसान हितों की मांगों को लेकर पिछले 26 दिनों से लोहारू के लघु सचिवालय परिसर में जारी अनिश्चितकालीन महापड़ाव को तोशाम सर्व कर्मचारी संघ ने समर्थन दिया। रविवार को संघ प्रधान दिलबाग सिंह लांबा के नेतृत्व में अनेक कर्मचारी लोहारू पहुंचे और किसानों के साथ एकजुटता दिखाई।
प्रधान दिलबाग सिंह लांबा ने कहा कि हक की लड़ाई लड़ रहे किसानों का संघर्ष व्यर्थ नहीं जाएगा। संघ के सभी कर्मचारी किसानों के साथ खड़े हैं। उन्होंने कहा कि बकाया बीमा क्लेम का भुगतान तुरंत किया जाना चाहिए, क्योंकि यह मुद्दा संसद में भी उठ चुका है। सरकार को इस पर तत्काल संज्ञान लेकर किसानों को उनका हक देना चाहिए।
रविवार को किसान नेता रणधीर जाखड़ धारवानबास, मानसिंह सुरपूरा खुर्द, महावीर सिंह सिढ़ाण, सुरेंद्र खरकड़ी, पृथ्वी सिंह गोठड़ा, धर्मपाल बारवास समेत कई नेताओं ने धरने में भाग लिया। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करती वे संघर्ष से पीछे नहीं हटेंगे। उल्लेखनीय है कि महापड़ाव स्थल पर दोनों समय के भोजन, सुबह के नाश्ते, नहाने और सोने की पूरी व्यवस्था की गई है। इस मौके पर सुनील बिडोला, छोटूराम प्रधान, दयानंद सांगवान, रोहताश झुप्पा, मेवा सिंह आर्य भी मौजूद रहे।