नागरिक अस्पताल के पुरुष शौचालय में टूटी पड़ी शीट।
भिवानी। नागरिक अस्पताल की ओपीडी के कमरा नंबर 15 के सामने बने पुरुष शौचालय के बाहर ताला जड़ दिया गया है। करीब दस दिन पहले नागरिक अस्पताल की ओपीडी के कमरा नंबर 15 के सामने बने शौचालय की फॉल्स सीलिंग गिरने का मामला सामने आया था। इसमें एक चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारी के शौचालय की सफाई करने के दौरान फॉल्स सीलिंग गिरने की घटना होने से कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया था। अब शौचालय का मरम्मत कार्य होने के बजाय शौचालय के बाहर ताला जड़ दिया गया है।
वहीं दूसरी ओर ओपीडी में बने दूसरे पुरुष शौचालय की हालत खस्ता हो चुकी है। नागरिक अस्पताल की ओपीडी के शौचालय में फॉल्स सीलिंग गिरने से किसी भी समय कोई हादसा घटित हो सकता है। इसकी तरफ अस्पताल कर्मियों का कोई ध्यान नही है। पुरुष शौचालय की टॉयलेट सीट टूटी हुई है, तो वहीं शौचालय की फॉल्स सीलिंग के गिरने की भी आंशका बनी हुई है। इस कारण नागरिक अस्पताल की ओपीडी के शौचालय में किसी भी समय कोई बड़ा हादसा घटित हो सकता है। इस तरह की घटना पहले भी कई बार घटित हो चुकी है लेकिन अभी तक कोई जान-माल की हानि नही हुई है। शायद किसी बड़ी घटना के होने पर नागरिक अस्पताल इस मामले पर कोई संज्ञान ले।
मरीजों के साथ स्टाफ कर्मी भी शौच जाने के लिए हो रहे परेशान
बीते दिनों नागरिक अस्पताल की ओपीडी में हुई घटना से मरीजों और अस्पताल कर्मियों में भय का माहौल है। अचानक हुई फाॅल्स सीलिंग की घटना से अब लोग शौचालय में जाने से कतरा रहे हैं। लोगो का कहना है कि फॉल्स सीलिंग लगा अस्पताल प्रशासन नागरिक अस्पताल के जर्जर भवन की हालत को छुपा रहा है। फॉल्स सीलिंग के पीछे अस्पताल भवन की हालत बिल्कुल जर्जर हो चुकी है। किसी भी समय यहां पर कोई घटना घट सकती है। आमजन और स्टाफ कर्मी ओपीडी के शौचालय में शौच जाने से घबरा रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में शौचालयों की रिपेयरिंग के लिए उच्चाधिकारियों से बात की गई है। जल्द ही अस्पताल के शौचालयों को दुरुस्त कराएंगे।
-
डॉ. एडमिन, पीएमओ नागरिक अस्पताल, भिवानी।