भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (एचबीएसई) ने विद्यार्थियों के हित को देखते हुए मार्च 1990 से मार्च 2024 तक सीनियर सेकेंडरी (शैक्षिक एवं मुक्त विद्यालय) की परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके परीक्षार्थियों को अंक सुधार का विशेष अवसर दिया है। परीक्षार्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक के माध्यम से एक मुश्त 10, 000 रुपये शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 5 दिसंबर है।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने बताया कि सभी परीक्षार्थी एक या अधिकतम दो विषयों में अंक सुधार के लिए आवेदन कर सकते हैं। सभी इच्छुक परीक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन करते समय पूर्व में बोर्ड कार्यालय की ओर से जारी किए गए उत्तीर्ण प्रमाण-पत्र की राजपत्रित अधिकारी या सरकारी, गैर सरकारी मान्यता प्राप्त विद्यालय के प्राचार्य से सत्यापित फोटो प्रति अपलोड करते ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पहले बोर्ड की ओर से आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 नवंबर तक निर्धारित की गई थी।