भिवानी। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक और प्राथमिक विद्यालयों में सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है जिसमें आवेदन करने की अंतिम तिथि 15 अप्रैल निर्धारित की गई है। विद्यालय शिक्षा निदेशालय के निर्देशों के अनुसार इन स्कूलों में बुधवार तक आवेदन किए जा सकते हैं जबकि 16 अप्रैल को ड्रॉ के माध्यम से विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
इसके बाद 17 अप्रैल को प्रतीक्षा सूची जारी की जाएगी जिसमें प्राथमिकता के आधार पर चयनित विद्यार्थियों के नाम शामिल होंगे। यदि प्रथम चरण के बाद सीटें खाली रहती हैं तो 18 अप्रैल से दूसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया शुरू की जाएगी। दरअसल, शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों, खंड शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रबंधन समितियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश में वर्तमान समय में 218 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय संचालित हो रहे हैं जिनमें से 165 विद्यालय सीबीएसई से संबद्ध हैं जबकि शेष विद्यालयों की मान्यता प्रक्रिया जारी है। इन विद्यालयों में मुख्य रूप से अंग्रेजी माध्यम में शिक्षा दी जाती है। निर्धारित मानकों के अनुसार पहली कक्षा में प्रति सेक्शन 30 विद्यार्थियों को ही प्रवेश दिया जाएगा।
प्रति सेक्शन निर्धारित की गई है विद्यार्थियों की सीमा : शिक्षा विभाग द्वारा तय नियमों के अनुसार कक्षा छठी से आठवीं तक प्रति सेक्शन 35 और कक्षा नौवीं से 12वीं तक 40 विद्यार्थियों की सीमा निर्धारित की गई है।