कैरू में मेडिकल स्टोर पर छापेमारी करती चिकित्सा अधिकारियों की टीम।
कैरू। भ्रूण लिंग जांच, कन्या भ्रूण हत्या और अवैध गर्भपात जैसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तीन स्थानों पर छापेमारी की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कैरू के चिकित्सा अधिकारी इंचार्ज डॉ. राहुल के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान विशेष टीम ने फर्जी गर्भवती महिलाओं को डिकॉय (नकली मरीज) बनाकर संदिग्ध ठिकानों पर भेजा।
अभियान में संदीप सिंह ब्लॉक एक्सटेंशन एजुकेटर, बजरंग लाल और शिव कुमार एमपीएचडब्ल्यू शामिल रहे। डॉ. राहुल ने कहा कि लिंग जांच, कन्या भ्रूण हत्या और अवैध गर्भपात जैसे घिनौने सामाजिक अपराधों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ऐसी अवैध और अनैतिक गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी इस प्रकार के निरीक्षण और डिकॉय ऑपरेशन और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेंगे ताकि बेटियों को सुरक्षित और सम्मानजनक भविष्य मिल सके। स्वास्थ्य विभाग की इस त्वरित, पारदर्शी और साहसिक कार्रवाई से समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा बेटियों के प्रति संकीर्ण सोच रखने वाले अपराधियों में कानून का भय पैदा होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अस्पताल और मेडिकल संचालकों को स्वास्थ्य विभाग के निर्देशों की सख्ती से पालना करने के निर्देश भी दिए गए।