संवाद न्यूज एजेंसी
बहल-लोहारू (भिवानी)। भाजपा ने एक अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेश में निकाली जाने वाली तिरंगा यात्रा का बहल से शुभारंभ किया गया। प्रदेश के कृषि मंत्री जेपी दलाल के संयोजन में शहीदों के सम्मान में यह यात्रा निकाली जा रही है। तिरंगा यात्रा के दौरान लोगों का राष्ट्र प्रेम व देशभक्ति का सैलाब उमड़ा और हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर लेकर तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
कृषि मंत्री जेपी दलाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बहल से शुरू हुई तिरंगा यात्रा 40 किमी का सफर तय कर लोहारू के स्वर्ण जयंती पार्क में संपन्न हुई। यात्रा में शामिल भारी भीड़ को देखकर गदगद हुए प्रदेश के कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल ने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब भी देश की आन, बान और शान पर खतरा आया है तो भारत माता के लिए कुर्बानी देने वालों में लोहारू क्षेत्र के वीर जवानों का हमेशा अग्रणी योगदान रहा है। आज एक बार फिर पूरे प्रदेश में लोहारू क्षेत्र का नाम जाएगा कि लोहारू की धरती से किसान, युवा और देशभक्ति से सरोबार लोगों ने जाति, धर्म और मजहब को भूलाकर एकजुट होकर वीर शहीदों की याद में तिरंगा यात्रा निकाल कर उनको सच्ची श्रद्धांजलि देने का काम किया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कहा कि लोहारू क्षेत्र से शुरू हुई यह यात्रा कालका तक पहुंचेगी। देश की शान तिरंगा जब फहराता है तो वह हवा से नहीं फहराता है, बल्कि उन वीर शहीदों की सांसें इसे फहराती हैं। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा 1 से 15 अगस्त तक प्रदेश के सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि आप का सौभाग्य है कि आपके हलके के विधायक कृषि मंत्री जेपी दलाल प्रदेश के किसानों के सच्चे हमदर्द बनकर काम कर रहे हैं। जो योजनाएं उनके कृषि मंत्री काल में अधूरी रह गई थी, जेपी दलाल ने उन योजनाओं को पूरा करने का काम किया है। उन्होंने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस किसान के झंडे को लेकर आगे आ रही है जबकि कांग्रेस को राजनीति अपने झंडे को लेकर करनी चाहिए।
40 किमी में दर्जनभर गांवों से निकली यात्रा
यात्रा बहल से शहीद भगत सिंह की प्रतिमा से शुरू होकर सिरसी, चैहड़, नकीपुर, खरखड़ी, सिंघानी, गिगनाऊ, ढाणी टोडा होते हुए लोहारू के स्वर्ण जयंती पार्क में पूरी हुई। समापन अवसर पर मौके पर कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि इतनी विशाल संख्या में तिरंगा यात्रा में हजारों की संख्या में ट्रैक्टरों का शामिल होना केंद्र और राज्य सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों में आस्था व्यक्त करता है।
तिरंगा यात्रा के दौरान पूर्व विधायक सुखविंद्र सिंह मांढी, पूर्व विधायक शशि रंजन परमार, शमशेर सिंह खरकड़ा, जिला अध्यक्ष शंकर धूपड़, बृजपाल सिंह तंवर, हर्षवर्धन मान, ठा. विक्रम सिंह, मीना परमार, विजय शेखावत, कमलेश भोडूका, रविंद्र मंढ़ोली, सरपंच गजानंद अग्रवाल, सतबीर चैहड़, कर्मबीर, चेयरमैन सुशील केडिया, साधूराम पनिहार, सुनील सिरसी, सतपाल सुधिवास, जेपी दूबे, सोनू शर्मा सहित अनेक पार्टी पदाधिकारी व हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
गांव खरकड़ी में भी हुआ स्वागत
इस दौरान तिरंगा यात्रा का कई जगह पर भव्य स्वागत किया गया। तिरंगा यात्रा का खरकड़ी गांव में भी स्वागत किया गया, जहां पर किसान धरने पर हैं। यहां गांव के लोगों ने कृषि मंत्री जयप्रकाश दलाल का फूल-मालाओं से बड़ी ही गर्मजोशी से स्वागत किया। तिरंगा यात्रा पर ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा की।