फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bhiwani News: समय पर इलाज... दिलाएगा बवासीर की तकलीफ से निजात

विज्ञापन
विज्ञापन
भिवानी। बवासीर (पाइल्स) के लक्षणों को शर्म और झिझक के कारण छिपाना बीमारी को गंभीर बना सकता है। विश्व पाइल्स दिवस पर पंडित नेकीराम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जन डॉ. डीके आहूजा ने लोगों को समय रहते जांच और उपचार कराने की सलाह देते हुए कहा कि बवासीर शर्म की नहीं, बल्कि इलाज की बीमारी है।
विज्ञापन

हर साल 20 नवंबर को विश्व बवासीर दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को हेमोराइड्स के लक्षणों, बचाव और उपचार के प्रति जागरूक करना तथा बिना झिझक चिकित्सकीय परामर्श लेने के लिए प्रेरित करना है। डॉ. आहूजा ने बताया कि उनकी ओपीडी में हर सप्ताह ऐसे कई मरीज आते हैं जो महीनों या वर्षों तक दर्द और मल त्याग के दौरान खून आने जैसी समस्याएं सहते रहते हैं।
उन्होंने बताया कि कई मरीज बीमारी छिपाने के कारण झोलाछाप डॉक्टरों के पास चले जाते हैं या घरेलू नुस्खों के भरोसे इलाज में देरी करते हैं। योग्य विशेषज्ञ से परामर्श लेने तक बीमारी बढ़ सकती है और उपचार जटिल हो जाता है। तेजी से आधुनिक हो रहे शहरों में बदलती जीवनशैली भी इस समस्या को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल है। समय पर लक्षण पहचानकर चिकित्सक से जांच कराने पर उचित उपचार मिल सकता है।
विज्ञापन

डॉ. आहूजा के अनुसार बवासीर में मल त्याग के दौरान खून आना, दर्द और असहजता जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। हालांकि, मल के साथ खून आने का कारण हमेशा बवासीर ही नहीं होता, इसलिए इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लगातार रक्तस्राव, तेज दर्द या अन्य परेशानी होने पर विशेषज्ञ से जांच कराना जरूरी है। शुरुआती अवस्था में खानपान और जीवनशैली में बदलाव से भी राहत मिल सकती है।

ये हैं बवासीर के कारण
डॉ. आहूजा ने बताया कि शारीरिक गतिविधियों में कमी, लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करना और पर्याप्त पानी नहीं पीना कब्ज की समस्या बढ़ा सकते हैं। कब्ज के कारण मल त्याग के दौरान जोर लगाने से बवासीर की परेशानी बढ़ने का खतरा रहता है। इसके अलावा भोजन में फाइबर की कमी और मल त्याग की इच्छा को बार-बार टालना भी समस्या को बढ़ा सकता है। इन आदतों में सुधार कर पाचन तंत्र को बेहतर रखा जा सकता है।

ऐसे करें बचाव
सुबह उठकर गुनगुना पानी पीने की आदत डालें और दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी लेते रहें। भोजन में फाइबर युक्त सलाद, हरी सब्जियां और मौसमी फलों को शामिल करें, ताकि कब्ज से बचाव हो सके। मल त्याग की इच्छा होने पर उसे न रोकें और शौचालय में अनावश्यक रूप से देर तक न बैठें। शौचालय में मोबाइल फोन लेकर बैठने की आदत छोड़ें।
नियमित शारीरिक गतिविधि भी जरूरी है। प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट टहलने की आदत बनाएं और लंबे समय तक लगातार बैठने से बचें। बीच-बीच में उठकर चलें-फिरें। इन बदलावों से कब्ज का खतरा कम करने और बवासीर की परेशानी से बचाव में मदद मिल सकती है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें