भिवानी। मौसम में बदलाव के साथ गले में संक्रमण व बुखार लोगों को परेशान कर रहा है। इसके साथ ही जुकाम व खांसी भी लोगों को चपेट में ले रही है।
जिला नागरिक अस्पताल के सामान्य रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में प्रतिदिन सैकंडों मरीज जांच करवाने के लिए आते हैं। इसमें से ज्यादातर मरीज गले में संक्रमण व सामान्य रोग जुकाम, खांसी व बुखार से ग्रस्त हैं। ओपीडी में आने वाले मरीजों में गले में दर्द, नाक से पानी बहना, शरीर दर्द व बुखार के लक्षण देखे जा रहे हैं।
नागरिक अस्पताल में कार्यरत चिकित्सक भी मरीजों को दवा के साथ आराम करने और ठंडी चीजों का सेवन से दूरी बनाने की सलाह दे रहे हैं। इसके साथ ही गले में संक्रमण या दर्द होने पर गुनगुना पानी से गरारे करने की सलाह भी दे रहे हैं।
चिकित्सक के अनुसार कुछ लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। इस कारण जल्दी चपेट में आ जाते हैं। ऐसे मरीजों को अपने खान- पान का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।
ऐसे करें बचाव
- तेल युक्त खाद्य सामग्री के सेवन से परहेज करें।
- गले में संक्रमण होने पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें।
- नमक के पानी से गरारे करें।
- खांसी व जुकाम को लंबा न चलने दें।
ओपीडी में सामान्य मरीज आ रहे हैं। इसमें गले में संक्रमण, खांसी, जुकाम व बुखार के मरीज ज्यादा आ रहे हैं। दवा व सावधानी बरतने की सलाह दे कर मरीजों को ठीक किया जा रहा है। मरीज की स्थिति के अनुसार कुछ मरीजों को दाखिल भी किया जा रहा है। लेकिन ज्यादातर मरीज सावधानी बरतने व समय से दवा लेने से ठीक हो रहे हैं।
- डॉ. यतिन गुप्ता, फिजिशिएन, जिला नागरिक अस्पताल भिवानी।